लखनऊ, संतोष कुमार। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली में एक अनोखा मुकदमा दर्ज हुआ है...यह मुकदमा एक दो नहीं बल्कि एक पूरे गांव की बस्ती पर दर्ज हुआ है और यह मुकदमा भी किसी गंभीर अपराध का तो नहीं लेकिन गंदगी फैलाने का जरूर है....स्वच्छ भारत अभियान में यह पहला मुकदमा है जो किसी गांव के लोगों पर गंदगी फैलाने के कारण दर्ज कराया गया है।
मोहनलालगंज कोतवाली में एक अनोखी एफआईआर दर्ज हुई है। यह एफआईआर मोहनलालगंज के खंड विकास अधिकारी भोलानाथ कनौजिया ने दर्ज कराई है। देश की यह अपने आप में पहली एफआईआर होगी जिसमें गंदगी फैलाने वाले गांव वाले आरोपी बनाए गए हैं। एक तरफ देश व प्रदेश सरकार स्वच्छ भारत अभियान में दिन रात एक किए हैं, करोड़ों रुपया पानी की तरह बहाया जा रहा है तो वही मोहनलालगंज के इंद्रजीत खेड़ा गांव में स्थित हनुमान मंदिर के आसपास के लोगों ने स्वच्छ भारत अभियान में पलीता लगा रखा है।
आसपास फैली गंदगी जलभराव बस्ती में रहने वाले 55 के आसपास परिवारों की लापरवाही का नतीजा है। काफी समझाने के बाद जब गांव वाले गंदगी फैलाने से बाज नहीं आए तो तंग आकर खंड विकास अधिकारी भोलानाथ कनौजिया ने इन गांव वालों पर एफआईआर दर्ज करा दी है।
