UP Election 2022: विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी निर्धारित सीमा से अधिक खर्च न करें इसके लिए जिला चुनाव अधिकारी ने एक लिस्ट जारी की है. इसमें नाश्ते और समोसे से लेकर पानी की बोतल पर होने वाले खर्च तक के लिए कीमत निर्धारित की गई है. यहां तक कि प्रचार में किस गाड़ी के लिए कितना अधिकतम खर्च हो सकता है ये भी तय कर दिया गया है. इस सूची में कुल 66 मदों के लिए अलग अलग दरें तय हैं. आईए आपको बताते हैं कि नेताजी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए कितने के चाय और समोसे ले सकते हैं.  

नाश्ते, चाय और समोसे की कीमत तय

किसी भी चुनाव में नेताजी को अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों के लिए नाश्ते पानी का भी इंतेजाम करना पड़ता है. जिसके लिए जिला चुनाव अधिकारी ने दरें तय की है. इस सूची के मुताबिक एक उम्मीदवार चार पूड़ी और एक मिठाई के नाश्ते के लिए अधिकतम 37 रुपये प्रति प्लेट खर्च कर सकता है. इसके अलावा एक समोसा और एक कप चाय के लिए 6-6 रुपये रेट तय किया गया है. पानी की बोतल एमआरपी पर ली जा सकती है. बात अगर फूल माला पर खर्च की करें तो उम्मीदवार 16 रुपये प्रति मीटर की दर से फूलों की माला खरीद सकते हैं. चुनाव प्रचार में इस्तेमाल होने वाले तीन ड्रमर पर प्रति दिन 1,575 रुपये खर्च किया जा सकता है. 

गाड़ियों पर होने वाले खर्च पर लगाम

नेताजी के सिर्फ इसी खर्चे को सीमित नहीं किया गया है बल्कि महंगी गाड़ियों पर होने वाले खर्च पर भी लगाम कसी है. चुनाव में बड़ी बड़ी गाड़ियों से चलना नेताजी की शान समझा जाता है, जितनी बड़ी गाड़ी, लोगों में उतना ही भौकाल होता है. लिस्ट के मुताबिक बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज जैसी लग्जरी कार किराए पर लेने के लिए प्रत्याशी अधिकतम 21,000 रुपये प्रति दिन खर्च कर सकते हैं.  जबकि पजेरो या उसके जैसी अन्य कार के लिए अधिकतम 12,600 रुपये प्रति दिन किराया दिया जा सकता है. इनोवा, फॉर्च्यूनर, क्वालिस के लिए 2,310 रुपये प्रति दिन और स्कॉर्पियो, क्वालिस व टवेरा के लिए 1,890 रुपये प्रति दिन किराया दिया जा सकता है. जीप, बोलेरो और सूमो के लिए 1,260 रुपये प्रति दिन किराया तय किया है. इतना ही नही एक एक मोटरसाइकिल का भी हिसाब नेताजी को देना होगा. एक मोटरसाइकिल या अन्य दो पहिया वाहन के लिए 210 रुपये प्रतिदिन खर्च की सीमा तय की गई है. लिस्ट में बस, ट्रक, ई रिक्शा, मंच, माइक, गमछा, विज्ञापन, होटल का कमरा, प्लाटिक कुर्सी सभी की दरें तय की हैं. 

यह भी पढ़ें-

UP Election 2022: यूपी से बड़ी खबर, विधानसभा चुनाव लड़ेंगे सपा प्रमुख अखिलेश यादव

UP Election 2022: जानिए- अब तक बीजेपी, सपा, बीएसपी, कांग्रेस, AIMIM सहित आजाद समाज पार्टी ने कितने-कितने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं