ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक बेहद अनोखे मामले का खुलासा किया है. निजी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट और लैब टेक्नीशियन की पढ़ाई कर रहे दो युवक नशे की लत के चलते अपराध की दुनिया में उतर गए. नशे के लिए पैसे जुटाने की खातिर दोनों बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगे. अब पुलिस ने चोरी की छह बाइक और एक स्कूटी के साथ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Continues below advertisement

जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पंतनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी. पुलिस टीम का गठन कर लगातार निगरानी और जांच की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

रुद्रपुर पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला सरकार पुत्र तपन सरकार निवासी ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर और विक्की विश्वास पुत्र विष्णु विश्वास निवासी खेड़ा रुद्रपुर के रूप में हुई है.

Continues below advertisement

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऊधम सिंह नगर जिले से बाइक चोरी करने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश और नेपाल में बेच दिया करते थे. आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई है.

पुलिस के मुताबिक भोला सरकार रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की पढ़ाई कर रहा था, जबकि विक्की विश्वास लैब टेक्नीशियन का कोर्स कर रहा था. पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नशे के आदी हो चुके थे और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे.

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है.