Ramlala Pran Pratishtha Update: अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर है. योगी सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका तैयार कर लिया है. आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि अयोध्या पहले से संवेदनशील क्षेत्र रही है. सुरक्षा योजना की दृष्टि से हमारे पास सीआरपीएफ, यूपीएसएसएफ, पीएसी और सिविल पुलिस मौजूद है. इसमें नई तकनीक का समावेश किया गया है.
श्रद्धालुओं के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है. आईजी प्रवीण कुमार के मुताबिक जल्द ही राम मंदिर के लिए नई सुरक्षा योजना लागू होगी, जिसके तहत कोई भी व्यक्ति बगैर जांच पड़ताल के मंदिर के आस-पास भी नहीं फटक सकेगा. आईजी ने बताया, सुरक्षा के लिहाज से जगह–जगह चेकिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे. इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे. बगैर अनुमति के इस इलाके में ड्रोन नहीं उड़ाए जा सकेंगे. भविष्य में रिवर सिक्योरिटी को भी मजबूत किया जाएगा.
अयोध्या में सुरक्षा का पूरा खाका तैयार
सरयू नदी के किनारे सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था की जाएगी. लोकार्पण के समय की सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में 37 शासकीय और अशासकीय जमीनों पर पार्किंग व्यवस्था की जा रही है. यहां भी कैमरे लगे होंगे. 22 और 23 जनवरी को अयोध्या में भारी वाहन शहर के भीतर से होकर नहीं जाएंगे. साथ ही जिन लोगों को आमंत्रण दिया गया होगा उनके आने के लिए बेहतर व्यवस्था रहेगी, लेकिन अन्य छोटे वाहनों के लिए भी व्यवस्था लागू की जाएगी कि वह अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकें.
ट्रैफिक डायवर्जन की सूचना विभिन्न माध्यमों से दी जाएगी. प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान सुरक्षा के मददेनजर खुफिया विभाग चारों ओर सक्रिय रहेगा. इसके साथ ही सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का भी सहयोग लिया जाएगा. अराजकतत्वों की जानकारी के साथ ही उन पर पैनी नजर रहेगी. 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे. इस समारोह में देश के तमाम वीवीआई मेहमान मौजूद रहेंगे.