मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और मार्गदर्शन में दीपोत्सव 2026 में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर व्यापक चिकित्सा व्यवस्था की गई है. दीपोत्सव के दौरान लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रमुख आयोजन स्थलों पर एंबुलेंस तैनात करने के साथ मोबाइल चिकित्सा टीमों और अस्पतालों में उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की है. आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए मेला कंट्रोल रूम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को इलाज के लिए भटकना न पड़े.

Continues below advertisement

दीपोत्सव के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 प्रमुख स्थलों पर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है. इनमें लक्ष्मण किला, भजन संध्या स्थल, चौधरी चरण सिंह घाट, नागेश्वरनाथ, वीणा चौराहा (लतामंगेशकर चौक), कारसेवकपुरम, हनुमानगढ़ी, हनुमानगुफा, साकेत पेट्रोल पंप, श्रीराम जन्मभूमि (परिकोटा), कनक भवन मंदिर परिसर और कंट्रोल रूम शामिल हैं. इन स्थलों पर तैनात एंबुलेंस के माध्यम से श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता और अस्पताल पहुंचाने की सुविधा मिलेगी.

कांग्रेस पर भड़के AAP सांसद संजय सिंह, 'पूरे देश में आपने BJP की...'

Continues below advertisement

12 निजी अस्पतालों में पांच-पांच बेड आरक्षित

आपात स्थिति में सरकारी चिकित्सा केंद्रों के साथ निजी अस्पतालों में भी उपचार उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है. मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार अयोध्या के 12 निजी चिकित्सालयों में पांच-पांच बेड आरक्षित रखे जाएंगे. 

इनमें अग्रिम हॉस्पिटल, हर्षण हृदय संस्थान, झुनझुनवाला हॉस्पिटल, देवा मेमोरियल मेडिकल सर्जिकल मैटरनिटी नर्सिंग होम, निर्मला हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर, दिव्य हॉस्पिटल, सोना हॉस्पिटल, जगत हॉस्पिटल, मेडिसिटी सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, चिरंजीव हॉस्पिटल, गोमती हॉस्पिटल तथा संजाफी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर शामिल हैं. इन अस्पतालों में आकस्मिक चिकित्सा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीजों को तत्काल उपचार देने के निर्देश दिए गए हैं.

राम की पैड़ी पर मोबाइल टीमें, निर्धारित समय में मिलेगी सहायता

मेला क्षेत्र में मोबाइल चिकित्सा टीमों की तैनाती भी की गई है. राम की पैड़ी सहित प्रमुख आयोजन स्थलों पर मोबाइल टीमों के जरिए श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. इन टीमों के लिए निर्धारित समयानुसार ड्यूटी व्यवस्था बनाई गई है, जिससे दिन और रात के विभिन्न समय में चिकित्सा सहायता उपलब्ध रहे. मोबाइल टीमों के साथ चिकित्सा कर्मियों की तैनाती और समन्वय के जरिए मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर आगे के उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था भी रहेगी.

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

दीपोत्सव के दौरान किसी श्रद्धालु या पर्यटक को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर मेला स्वास्थ्य कंट्रोल रूम के नंबर 8881004894 पर संपर्क किया जा सकता है. मेला अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. राममणि शुक्ला के मोबाइल नंबर 9451085935 पर भी सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है. स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और चिकित्सा कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए हैं.

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. एंबुलेंस, मोबाइल चिकित्सा टीमों और अस्पतालों में आरक्षित बेड के माध्यम से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा. श्रद्धालुओं को किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी में निर्धारित चिकित्सा केंद्रों और हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करना चाहिए.

रामपुर में युवक की हत्या का खुलासा, दोस्तों ने ही उतारा मौत के घाट, 2 गिरफ्तार