बीमारी से ऊबकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
ABP Ganga | 03 Oct 2019 01:03 PM (IST)
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर ने बीमारी तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जानकारी के मुताबिक वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे, इसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया
प्रयागराज, एजेंसी। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर ने बुधवार को कोतवाली थाना अंतर्गत चंद्रलोक चौराहे के पास बने अपने मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रोफेसर संजीव भदौरिया ने आत्महत्या से पहले लिखे सुसाइड नोट में इसके लिए खुद को जिम्मेदार बताया। कोतवाली निरीक्षक बच्चे लाल के मुताबिक 58 वर्षीय भदौरिया इलाहाबाद विश्वविद्यालय में रक्षा एवं रणनीतिक विभाग में प्रोफेसर थे और पिछले कई महीने से बीमार चल रहे थे। बीमारी से तंग आकर उन्होंने यह कठोर कदम उठाया। लाल ने बताया कि बुधवार की सुबह प्रोफेसर भदौरिया अपनी पत्नी से यह कहकर कमरे से बाहर निकले कि वह दवा खरीदने और खून की जांच कराने जा रहे हैं। लेकिन जब उनकी पत्नी ने देखा कि दो घंटे बीतने के बाद भी उनके पति वापस नहीं आए तो वह उन्हें खोजने के लिए मकान की दूसरी मंजिल पर चली गईं। उन्होंने बताया कि प्रोफेसर की पत्नी नीता ने अपने पति को पंखे से लटकते पाया और तुरंत पड़ोसियों को बुलाया जिन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। बच्चे लाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम देर रात ही करा लिया गया।