समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण सुधार के नाम पर आरक्षण समाप्त करने की साजिश रची जा रही है. जोकि PDA समाज के खिलाफ एक बड़ी साजिश है.
इसको लेकर अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, "आरक्षण सुधार के नाम पर ‘आरक्षण समाप्ति’ का षड्यंत्र पीडीए समाज के ख़िलाफ़ एक और गहरी साज़िश है.आरक्षण पीडीए का अधिकार है किसी की इच्छा का विषय नहीं."
उन्होंने आगे लिखा, "भाजपा व उनके संगी-साथी समय-समय पर जिस तरह कभी ‘समीक्षा’ तो कभी ‘सुधार’ जैसे अस्पष्ट शब्दों का प्रयोग कर आरक्षण का विरोध करते हैं या कभी ‘क्रीमीलेयर’ की बात करते हैं या ‘आरक्षण त्यागने’ की सलाह देते हैं, वो सदियों से शोषित-वंचित लोगों को मिले आरक्षण के अधिकार की हक़मारी की लगातार की जा रही कोशिश के अलग-अलग मुखौटे हैं. आरक्षण था, आरक्षण है, आरक्षण रहेगा!"
यह भी पढ़ें: संभल: विदाई समारोह में भावुक हुए SP केके विश्नोई, छलकते आंसू के बीच DM ने संभाला
जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार आंदोलन
21 अगस्त को 'आरक्षण सुधार आंदोलन' के बैनर तले देशभर से सवर्ण समाज के लोग इक्कठा हुए और जातिगत आरक्षण खत्म कर योग्यता आधारित या आर्थिक आधार पर आरक्षण की वकालत की. यही नहीं आज एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मुलाक़ात की, जिसके बाद राजनीति गरमा गयी. डिप्टी सीएम ने इस मुद्दे को केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखने की बात कही है.
तूल पकड़ सकता है मामला
आरक्षण को लेकर पहले भी राजनीति गरमा चुकी है और एक बार इस मुद्दे को लेकर राजनीति तेज हो चुकी है. सपा के साथ ही कांग्रेस भी लगातार सामाजिक न्याय की बात करती है. और इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरती है ऐसे में बीजेपी के लिए इस मुद्दे पर कोई भी कदम जोखिम भरा हो सकता है. लेकिन अभी तक इस मुद्दे पर बीजेपी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर: सरकारी स्कूल में ‘रील वाली मैडम’! अब शिक्षा विभाग में सख्त
