Sachin Pilot: राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने कहा कि जो बड़ा आदमी है और बड़े पद पर बैठा है उसका दिल बड़ा होना चाहिए. संवाद और चर्चा करनी चाहिए. मतभेद भले हो लेकिन बात होनी चाहिए. सचिन पायलट ने कहा कि मुझे सबसे अधिक काम करने में मजा तब मिला जब मैं प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम किया. बिना संघर्ष के कुछ मिल जाये तो उसका मजा नहीं आता है.
पायलट ने कहा कि हमने यूथ कांग्रेस में भले ही काम नहीं किया लेकिन राजस्थान में पांच साल प्रदेश कांग्रेस को ही यूथ कांग्रेस बना दिया था. सचिन पायलट ने ये बातें कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित भारतीय यूथ कांग्रेस के 'बेहतर भारत की बुनियाद' कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कही. ये कार्यक्रम तीन दिन तक चलेगा.
भाजपा अध्यक्ष के चुनाव पर सवाल
सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस में अध्यक्ष का चुनाव हुआ है. चुनाव जीतकर मल्लिकार्जुन खरगे अध्यक्ष बने हैं. पायलट ने कहा कि मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि जेपी नड्डा अध्यक्ष बने कैसे? चुनाव हुए बिना कैसे जीत गए? चार लोग कमरे में बैठकर अपनी गोटी फिट कर लेते हैं और कांग्रेस पर आरोप लगाते हैं. हमारे यहां सभी संघटनों में निष्पक्ष चुनाव होता है. कमियां निकालना बड़ा आसान है. यह सब प्रेरणा सोनियां गांधी और राहुल गांधी ने दी है.
राजस्थान के नेता पहुंचे
सचिन पायलट ने इस कार्यक्रम में कहा कि मैंने राजस्थान के बीजेपी नेताओं को कहा कि करते क्या हो ? न तो सत्ता चला पाते हो और न ही विपक्ष की भूमिका निभा पाते हो. सचिन पायलट ने कहा कि इस बार राजस्थान का चुनाव कांग्रेस जीतेगी. बेंगलुरु में इस कार्यक्रम में राजस्थान यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया पहुंचे हैं. पूनिया ने बताया कि इस कार्यक्रम में देश के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग आये हैं. कल राजस्थान का सेशन हो सकता है.
इसे भी पढ़ें: Rajasthan Election 2023: क्या उदयपुर में दोबार चलेगा BJP का जादू? एक लाख नए वोटर तय करेंगे किस्मत, जानें आंकड़ें
