नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान में सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है. जांच एजेंसी सीबीआई द्वारा जयपुर के कथित बीजेपी नेता दिनेश बिंवाल और परिवार के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के मामले को लेकर कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर है. वहीं बीजेपी ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया है.

Continues below advertisement

राजस्थान बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता और पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में बीजेपी का कोई भी मौजूद पदाधिकारी या कार्यकर्ता शामिल नहीं है. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस बारे में दुष्प्रचार कर रहा है.

ये भी पढ़ें: NEET परीक्षा को लेकर राजस्थान में सियासत, अशोक गहलोत के बयान पर भड़की BJP, कहा- '50 रुपये में...'

Continues below advertisement

'सिर्फ तस्वीर से नहीं खड़े कर सकते सवाल'

बीजेपी प्रवक्ता रामलाल शर्मा के मुताबिक किसी की तस्वीर भर साथ होने से सवाल नहीं खड़े किए जा सकते. उन्होंने कहा कि राजस्थान में पेपर लीक के सबसे बड़े माफिया कहे जाने वाले एक आरोपी की तस्वीर कांग्रेस के कई नेताओं के साथ रही है तो क्या सिर्फ तस्वीर के आधार पर कांग्रेस नेताओं को दोषी करार दे दिया जाए 

किसी को बचाने का काम नहीं करते- बीजेपी

शर्मा ने ये भी कहा कि बीजेपी नकल और पेपर लीक को लेकर जीरो टॉलरेंस पर काम करती है और बीजेपी किसी को बचाने का काम नहीं करती है. इस मामले में सीबीआई जांच कर रही है और वह जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी.

कांग्रेस ने की न्यायिक जांच की मांग

वहीं इस मुद्दे को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कथित बीजेपी नेता की गिरफ्तारी के बाद मामले की ज्यूडिशियल इंक्वायरी की मांग की है. जूली ने कहा कि सीबीआई और ईडी प्रधानमंत्री मोदी और उनकी पार्टी बीजेपी के इशारे पर काम करती है. मामले में बीजेपी का नेता आरोपी है, ऐसे में सीबीआई इस मामले में दबाव में काम कर सकती है.

'तो कोर्ट जाएगी कांग्रेस'

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि अगर मामले की सीबीआई जांच ही हो रही है तो वह कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए. अगर सरकार ऐसा नहीं करती है तो कांग्रेस पार्टी खुद इस बारे में कोर्ट जाने का फैसला ले सकती है.