जयपुर में रविवार (4 अक्टूबर) को हुए जबरदस्त हंगामे के बाद कलाम कोचिंग एकेडमी में सोमवार को पूरी तरह शांति है. सोमवार (5 अक्टूबर) कोचिंग के बाहर किसी तरह का विरोध प्रदर्शन या हंगामा नहीं हुआ. हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से कोचिंग के आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है. कोचिंग आज भी खुली हुई है, लेकिन रविवार के हंगामे के चलते आज काफी कम संख्या में छात्र क्लास करने पहुंचे.

Continues below advertisement

दरअसल, तीन दिन पहले क्लासरूम में एक टीचर द्वारा छात्र की सरेआम पिटाई किए जाने की घटना सामने आई थी. इसके विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में छात्र कलाम कोचिंग एकेडमी में इकट्ठा हो गए थे. छात्रों ने काफी देर तक कोचिंग परिसर के बाहर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया. स्थिति बिगड़ने पर छात्रों को वहां से हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया था.

ये भी पढ़ें: जयपुर: कोचिंग में छात्र की पिटाई के विरोध में हंगामा, पुलिस ने चलाए डंडे

Continues below advertisement

कोचिंग के पास बढ़ी सुरक्षा

रविवार के हंगामे के बाद कुछ छात्र संगठनों ने सोमवार को भी कोचिंग के बाहर प्रदर्शन करने का ऐलान किया था. इसे देखते हुए पुलिस ने कोचिंग के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी. पुलिस की सख्ती के चलते आज कोई भी छात्र संगठन वहां प्रदर्शन के लिए इकट्ठा नहीं हो पाया.

कई छात्रों को हिरासत में लिया

रविवार को हुए हंगामे के दौरान पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में भी लिया था. वहीं, छात्र की पिटाई के मामले में कलाम कोचिंग एकेडमी ने आरोपी टीचर प्रवीण दान चारण की सेवाएं फिलहाल समाप्त कर दी हैं. कोचिंग प्रबंधन ने घटना पर खेद जताते हुए माफी भी मांगी है.

छात्रों की संख्या में कमी

फिलहाल कोचिंग में नियमित कक्षाएं चल रही हैं, लेकिन रविवार की घटना का असर सोमवार को छात्रों की संख्या में साफ नजर आया. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस भी लगातार इलाके में निगरानी कर रही है.

ये भी पढ़ें: जयपुर में युवक ने की आत्महत्या, मौत से पहले वीडियो में पत्नी पर लगाए आरोप