राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर के सबसे पॉश इलाके सिविल लाइंस क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया. पिछले कई दिनों से लोग सीवरेज का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं. लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान न होने से लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. इलाके की महिलाओं ने स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा को गंदा पानी सप्लाई होने के मुद्दे पर घेर लिया और जोरदार विरोध जताया. इतना ही नहीं बीजेपी विधायक को गंदा और बदबूदार पानी पीने के लिए दिया गया, जिसे उन्होंने पीने से मना कर दिया.

Continues below advertisement

इसके बाद जमकर हंगामा कटा. परेशान महिलाओं द्वारा बीजेपी विधायक को बदबूदार पानी पीने के लिए दिए जाने और विधायक द्वारा इनकार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

यह घटना जयपुर के सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में स्थित सुशीलपुरा वार्ड 45 इलाके की है. सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र वो इलाका है जहां गवर्नर, मुख्यमंत्री, ज्यादातर मंत्री और तकरीबन सभी बड़े ब्यूरोक्रेटस रहते हैं. बताया जा रहा है कि क्षेत्र में कई दिनों से नलों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नाराज महिलाओं ने इसी समस्या को लेकर विधायक के सामने विरोध दर्ज कराया. महिलाओं ने उन्हें वही गंदा पानी पीने के लिए दिया, ताकि वे खुद स्थिति की गंभीरता समझ सकें.

Continues below advertisement

गंदा पानी पीने से विधायक ने किया इनकार

विधायक ने गिलास लिया, पानी सूंघा, लेकिन उसे मना कर दिया, जिसके बाद महिलाओं का गुस्सा और बढ़ गया. इस दौरान वहां हंगामे जैसी स्थिति बन गई और लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की. स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है. गंदे पानी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ रही है. 

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाओं का विरोध और विधायक के साथ उनकी तीखी नोकझोंक साफ देखी जा सकती है. वीडियो सामने आने के बाद जलदाय विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं.  लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द साफ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके.

वायरल वीडियो पर जब विधायक से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान सीवर और पानी की पाइपलाइन आपस में मिलने से सप्लाई में गंदा पानी आ रहा है. बहरहाल इस वायरल वीडियो ने जहां एक तरफ विधायक गोपाल शर्मा की कार्यप्रणाली की पोल खोल कर रख दी है, वहीं उनकी सरकार के कामकाज पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.