बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर रविवार को पटना में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति की टिप्पणी ‘‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे’’ के जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की इस टिप्पणी पर विवाद शुरू हो गया कि “मोदी का बाप भी जाएगा”.
खरगे के इस बयान पर तमाम नेताओं ने निंदा की है. इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी खरगे के बयान पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "लगातार चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिताजी के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग कांग्रेस की गिरती राजनीतिक मर्यादा और संस्कारहीनता का प्रमाण है.
'कांग्रेस की राजनीति व्यक्तिगत अपमान तक सिमट गई'
भजनलाल शर्मा ने आगे कहा, "कभी पिता, कभी माता- क्या कांग्रेस की राजनीति अब व्यक्तिगत अपमान तक ही सिमटकर रह गई है? अपनी नाकामियों पर आत्मचिंतन करने के बजाय अपशब्दों का सहारा लेना कांग्रेस की हताशा दर्शाता है."
सीएम शर्मा ने आगे कहा, "कांग्रेस याद रखे, यह नया भारत है, जहां जनता अपमान और अहंकार का जवाब अपने जनादेश से देती है. ओछी राजनीति से सत्ता नहीं, केवल जनता की नाराजगी मिलती है.
बिहार में कार्यक्रम के दौरान खरगे ने दिया ये बयान
मल्लिकार्जुन खरगे ने यह टिप्पणी उस वक्त की जब वह पटना में स्वतंत्रता सेनानी और बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.
खरगे के इस बयान पर कि कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों को जेल भेजेगी, कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति चिल्लाया, ‘‘जब तक विद्रोह नहीं होगा, (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी कहीं नहीं जाएंगे.’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा.’’ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खरगे की टिप्पणी की निंदा की और कांग्रेस से माफी मांगने को कहा.
कोटा में 9 दिन में 3 प्रसूताओं की मौत, इलाज में लापरवाही के आरोप
