Mock Drill in Punjab: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद देश में सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट मोड पर है. इस बीच, पाकिस्तानी सीमा से सटे पंजाब समेत अन्य राज्यों में शनिवार (31 मई) को मॉक ड्रिल करने का फैसला लिया गया है. 'ऑपरेशन शील्ड' के तहत ये मॉक ड्रिल होगी. यह पहले 29 मई को आयोजित होनी थी, लेकिन प्रशासनिक वजहों से यह स्थगित कर दी गई थी.
मॉक ड्रिल के बारे में अमृतसर के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर अमित सरीन ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "ऑपरेशन शील्ड के तहत मॉक ड्रिल की जाएगी. यह दूसरी मॉक ड्रिल होगी. यह शाम 6 से 7 बजे तक रंजीत एवेन्यू इलाके में आयोजित की जाएगी.''
अमृतसर में रात 8 से साढ़े आठ तक ब्लैकआउट
मॉक ड्रिल को लेकर उन्होंने आगे कहा, ''घबराने की कोई जरूरत नहीं है. पूरे अमृतसर में रात 8 से 8.30 बजे तक ब्लैकआउट रहेगा. वॉल सिटी, एयरपोर्ट और गांवों को ब्लैकआउट से छूट दी गई है. बाकी सभी को अपनी लाइटें बंद रखनी होंगी. लोगों से अनुरोध है कि वे अपने सुरक्षित कमरों में रहें. सेफ रूम ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कमरा होता है, जिसमें कोई खिड़की नहीं होती या खिड़कियां ढकी गई हैं.''
मॉक ड्रिल के दौरान सड़कों पर ना जाएं- अमित सरीन
उन्होंने ये भी कहा, ''मॉक ड्रिल के दौरान लोग अपनी छतों या सड़कों पर नहीं जाएं, गली में भी नहीं जाना है. अगर कोई उस समय सड़क पर है, तो वह हेडलाइट बंद कर दें और अपनी कार सड़क के किनारे पार्क कर लें. हो सके तो इस दौरान घर के अंदर रहे. यह एहतियात के तौर पर किया जा रहा है. इंडियन आर्मी के साथ हम ये मॉक ड्रिल करने जा रहे हैं."
‘ऑपरेशन शील्ड’ के तहत सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल पंजाब के अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ में संचालित किया जाएगा. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू होने से कुछ घंटे पहले भी सरकार ने देश भर में पहला मॉक ड्रिल आयोजित किया था.
