Nuh Violence Highlights: नूंह, फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम के सोहना, पटौदी और मानेसर में इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी
Haryana Nuh Violence Highlights: नूंह हिंसा में दो होमगार्ड के जवान और चार आम नागरिक की मौत हो गई. नूंह में धारा 144 लागू है. सीएम मनोहर लाल खट्टर ने समीक्षा बैठक की. पढ़ें पल-पल की अपडेट.

बैकग्राउंड
Nuh Violence: हरियाणा पुलिस ने नूंह में हुई हिंसा में जान गंवाने वाले दो होमगार्ड के परिवारों को 57-57 लाख रुपये का मुआवजा देने की मंगलवार को घोषणा की.हरियाणा में...More
हरियाणा के नूंह, फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम के सोहना, पटौदी और मानेसर में इंटरनेट पर लगी पाबंदी को 5 अगस्त की रात तक बढ़ाया गया. गुरुग्राम शहर में इंटरनेट सेवाएं बहाल रहेंगी.
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि नूंह की घटना में सोशल मीडिया ने अहम भूमिका निभाई है, इसलिए मैंने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है. कमेटी 21 जुलाई से 31 जुलाई तक हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (पोस्ट के लिए) को स्कैन करेगी. अगर किसी ने कुछ भी भड़काऊ पोस्ट किया है तो उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी. यह शांति बहाल करने का समय है. मैं सभी से शांति बहाल करने का आग्रह करना चाहता हूं.
राहुल गांधी ने अपने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, "देश में नफ़रत और हिंसा फैलाना, भाई को भाई से लड़ाना, कैसी देशभक्ति है? शुरुआत से कहता आ रहा हूं, देश क्रोध और नफ़रत से आगे नहीं बढ़ सकता. प्रगति के लिए भारत को शांति की ज़रूरत है. सभी भारतियों से अपील करूंगा, आपसी भाईचारा बनाए रखें - हिंसा से कुछ हासिल नहीं होगा, सिर्फ़ अपने देश का नुकसान होगा."
एबीपी न्यूज़ से बातचीत में गोरक्षक मोनू मानेसर ने कहा कि मामन खान के समर्थकों ने तोड़फोड़ की. कुछ भी हो मेरा नाम आ जाता है. पहले विधायक मामन खान की गिरफ्तारी हो. हिंसा पर विधायक मामन खान से पूछताछ किया जाए. हिंसा उनकी सोची समझी साजिश थी. मुझे सिर्फ मोहरा बनाया गया. पुलिस बुलाएगी तो मैं चला जाऊंगा.
केंद्र द्वारा नूंह में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की दंगा-रोधी इकाई त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) की एक नयी बटालियन को मंजूरी दिए जाने के लगभग पांच साल बाद, हरियाणा सरकार ने आखिरकार इसके लिए जमीन को मंजूरी दे दी. यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को दी. हरियाणा सरकार ने बटालियन के लिए जमीन की मंजूरी ऐसे समय दी है जब जिले में सांप्रदायिक झड़पें हुई हैं. सूत्रों ने बताया कि नूंह के इंद्री गांव में लगभग 50 एकड़ जमीन त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) को सौंपने की मंजूरी इस सप्ताह की शुरुआत में मिली.
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर बुधवार को केंद्रीय बलों की चार और कंपनी मांगी और कहा कि आईआरबी (इंडियन रिजर्व बटालियन) की एक बटालियन भी नूंह में तैनात की जाएगी. मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्रीय बलों की 20 कंपनी पहले से ही हरियाणा में तैनात हैं, जिनमें से 14 नूंह में, तीन पलवल में, दो गुरुग्राम में और एक फरीदाबाद में तैनात है.
हरियाणा के नूंह में फैली सांप्रदायिक हिंसा को देखते हुए राजस्थान में अलर्ट जारी किया गया है. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि हरियाणा की सीमा से सटे भरतपुर के चार इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बृहस्पतिवार सुबह तक निलंबित कर दिया गया है. साथ ही अलवर जिले के 10 और भरतपुर जिले के चार इलाकों में धारा 144 लागू की गई है.
हरियाणा के कुछ जिलों में हुई हिंसा की घटनाओं के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. दिल्ली पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के नूंह और गुरुग्राम में हुई साम्प्रदायिक हिंसा के विरोध में बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई स्थानों पर प्रदर्शन किए.
दिल्ली पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच, विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल ने हरियाणा में हुई हालिया हिंसा के खिलाफ बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया. वीएचपी ने एक बयान में कहा कि उसका विरोध-प्रदर्शन कानून के दायरे में है जोकि शांतिपूर्ण रहा। भगवा रंग के झंडे लेकर और ‘जय श्री राम’, ‘हर हर महादेव’ तथा ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए.
हरियाणा के बल्लभगढ़ में उपद्रव की कोशिश कर रहे 8-10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. सभी की उम्र 15 से लेकर 23 साल के बीच बताई जा रही है. फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है.
नूंह के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि हम स्थिति की समीक्षा करेंगे और फिर क्षेत्र में स्कूलों और कॉलेजों को फिर से खोलने पर फैसला करेंगे. क्षेत्र में स्थिति की समीक्षा के बाद इंटरनेट सुविधा भी फिर से शुरू की जाएगी. अर्धसैनिक बल के 14 बल और लगभग हरियाणा पुलिस की 20 कंपनियां यहां तैनात हैं. आज हम उन सभी इलाकों में दोपहर 3-5 बजे के बीच छूट देंगे जहां कर्फ्यू लगा हुआ है. हम इस छूट के समय की समीक्षा करेंगे.
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि नूंह हिंसा में पीड़ितों की मदद के लिए सरकार एक योजना चलाएगी. ताकि समय से लोगों को लाभ मिल सके.
हरियाणा के DGP पी. के. अग्रवाल ने कहा कि कल से नूंह शहर में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है. अब तक 41 FIR दर्ज़ हुई हैं और 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड ली जाएगी. पूछताछ में जिन लोगों का नाम आएगा उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
विश्व हिंदू परिषदने हरियाणा के नूंह में हाल ही में हुई हिंसक झड़पों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के घोंडा चौक पर विरोध प्रदर्शन किया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह पुलिस ने बैरिकेडिंग की है
हिंसा की हालिया घटनाओं के बाद गुरुग्राम जिले के बादशाहपुर में रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने फ्लैग मार्च किया.
गुरुग्राम ACP मनोज कुमार का कहना है कि स्थिति सामान्य है और हम बादशाहपुर में सामान्य स्थिति बनाए रखने की दिशा में काम कर रहे हैं। बीती रात आगजनी की तीन अलग-अलग घटनाओं की सूचना के आधार पर तीन मुकदमे दर्ज़ किए गए हैं.
सीएम खट्टर ने बताया कि अभी तक 116 लोगों को गिरफ्तारी की जा चुकी है. आज उनका रिमांड लिया जाएगा ताकि हिंसा में शामिल और भी लोगों का पता लगाया जा सके.
हरियाणा के नूंह में हाल ही में हुई हिंसक झड़पों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के आह्वान के बाद बजरंग दल के सदस्यों ने दिल्ली निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शन किया
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि "रेड लाइट, निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन के कारण आज सुबह 8 बजे से विकास मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध रहेगा.यात्री गाजियाबाद से या दिल्ली-मेरठ ई-वे से आ रहे हैं और एनएच-24 लेने के लिए आईटीओ की ओर जा रहे हैं.आने वाले लोग विवेक विहार से आईटीओ के लिए नाला रोड लेने के लिए.
नूंह जिले में आज भी धारा 144 लागू है. वहीं और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से आज भी निलंबित हैं.
गुरुग्राम में हिंसा के बीच गुरुग्राम पुलिस ने ट्वीट कर लोगों को आश्वस्त किया है. उन्होंने ट्वीट किया- हम जनता से अनुरोध करते हैं कि कृपया चिंता न करें. आज आगजनी और झड़प की कुछ घटनाएं हुई हैं. लेकिन कोई बड़ी घटना नहीं हुई है. हमने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है और शांति बनाए रखने के लिए अलर्ट पर हैं.'
नूंह के कार्यवाहक एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने कहा कि अब तक इस मामले में 22 एफआईआर दर्ज हुई है और 15 लोग गिरफ्तार किए गए हैं. वहीं 150 लोगों से पूछताछ जारी है.
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा ऐसा घटनाक्रम हरियाणाा कभी नहीं हुआ है. मेवात हमेशा देश की एकता और अखंडता के साथ रहा है जो लोग इस घटना में शामिल होगें उनपर कारवाई होगी. मेवात का एक इतिहास रहा है.
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने हरियाणा के गुरुग्राम में एक मस्जिद में नायब इमाम की हत्या की मंगलवार को निंदा की और कहा कि सरकार को अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए. नेशनल कॉन्फ्रेंस ने ट्विटर पर कहा, “पार्टी के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला हरियाणा में एक मस्जिद के अंदर एक नायब इमाम की जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हैं और सरकार से तत्काल कार्रवाई करने तथा स्थिति को नियंत्रण में लाने का अनुरोध करते हैं.
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने हरियाणा के नूंह जिले में हाल ही में सांप्रदायिक हिंसा के दौरान पत्थरबाजी और अन्य गैर कानूनी गतिविधियों में बच्चों को कथित रूप से इस्तेमाल किए जाने को लेकर जांच की मांग की है. हरियाणा प्रशासन को लिखे एक पत्र में एनसीपीसीआर ने सोमवार को हुई हिंसा में बच्चों के कथित शोषण के संबंध में प्रशासन को तुरंत ध्यान देने और कार्रवाई करने की मांग की है.
एक आधिकारिक बयान के अनुसार हिंसा के मद्देनजर गुरुग्राम से नूंह में तैनात किए गए होमगार्ड नीरज और गुरसेव की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई. बयान में कहा गया है, “हरियाणा पुलिस दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है. कोई भी राशि किसी प्रियजन को खोने से हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन फिर भी हरियाणा पुलिस की ओर से शोकाकुल परिवारों को 57-57 लाख रुपये और हर प्रकार की मदद प्रदान की जाएगी.”
हरियाणा पुलिस ने नूंह में हुई हिंसा में जान गंवाने वाले दो होमगार्ड के परिवारों को 57-57 लाख रुपये का मुआवजा देने की मंगलवार को घोषणा की. हरियाणा में हुई हिंसा में पांच लोगों की मौत हो चुकी है. नूंह में दो होमगार्ड सहित चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए, जहां भीड़ ने विश्व हिंदू परिषद के जुलूस को रोकने की कोशिश की थी जबकि गुरुग्राम में एक मस्जिद में एक नायब इमाम की हत्या कर दी गई.
हरियाणा के नूंह में सोमवार को हुई हिंसा के खिलाफ मध्य प्रदेश के सभी ज़िलों में 2 अगस्त की सुबह दस बजे कलेक्टर को बजरंग दल की तरफ से ज्ञापन दिया जायेगा. इसके बाद आगे के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार होगी.
हरियाणा के नूंह और गुरुग्राम जिलों में भड़की हिंसा के बाद राज्य के फरीदाबाद और जींद जिलों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार को फ्लैग मार्च किया और लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील.फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा और उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने पुलिस बल के साथ जिले में फ्लैग मार्च किया और लोगों को शांति से रहने का संदेश दिया तथा उनसे अफवाहों के झांसे में नहीं आने के लिये कहा.
नूंह में हुई हिंसा को लेकर छत्तीसगढ़ में बजरंग दल का प्रोटेस्ट होगा. राजधानी रायपुर में दोपहर 2 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे. इस प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी और पुतला दहन किया जाना बजरंग दल के तरफ़ से निर्धारित किया गया है. छत्तीसगढ़ में बेमेतरा और कवर्धा जिला सेंसिटिव है, जहां पहले झड़प हो चुकी हैं.
हरियाणा के रेवाड़ी में पुलिस के पहरे में हिंदू संगठनों ने हनुमान चालीसा पढ़ी. राजीव नगर स्थित शिव मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया है. यहां एक ही परिसर में मंदिर और मस्जिद बना हुआ है. पीर बाबा वाली मस्जिद पर पुलिस का कड़ा पहरा है. भारी पुलिस बल के साथ डीएसपी मौजूद हैं.
गुरुग्राम में खुले में पेट्रोल और डीजल नहीं मिलेगा. उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने आदेश जारी कर दिया है. नूंह के बाद गुरुग्राम में भी अलग अलग इलाकों में तोड़फोड़ की घटनाओं को देखते हुए ये फैसला लिया गया है.
बजरंग दल का कल राजधानी दिल्ली में नूह हिंसा को लेकर 23 जगहों पर प्रदर्शन करेगी. इसमें शेरपुर चौक, घौण्डा चौक, लोनी गोल चक्कर, निर्माण विहार मेट्रो विकास मार्ग, पटपड़गंज मदर डेयरी, नोएडा टोल, बदरपुर बॉर्डर टोल नाला, एमडी रोड खानापुरी टी प्वाइंट, छतरपुर चौक, बसंत- सेक्टर एक चौक, पालम फ्लाइओवर, दिल्ली गेट नजफगढ़, द्वारिका मोड/उत्तम नगर, नांगलोई चौक, पेसीफिक मॉल, इंद्रलोक, ब्रिटेनिया चौक, पोल स्टार अवंतिका चौक, होलंबी, मुकुंदपुर चौक, जीटीबी नगर चौक रेड लाइट, कीकरवाला चौक करोल बाग और नारायण चौक शामिल हैं.
नूंह हिंसा पर राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह (नूंह हिंसा) पूर्व नियोजित थी, इसलिए यह बयान सरकार की विफलता साबित करता है. अगर सरकार कह रही है कि यह योजनाबद्ध था तो सवाल उठता है कि वे क्या कर रहे थे?
गुरुग्राम के बादशाहपुर सोहना रोड पर हुड़दंग हो गई है. सोहना रोड पर सरेआम उत्पात और लूट मच गई. तोड़फोड़ के साथ दुकान से सामान लूट करते युवा कैमरे में कैद हो गए. गुरुग्राम में स्थिति कंट्रोल से बाहर होती दिख रही है.
गुरुग्राम पुलिस आयुक्त ने एक विज्ञप्ति जारी की है. इसमें कहा गया है, "हमारे दो सहयोगियों, होम गार्ड नीरज और होम गार्ड गुरसेव, जो उस जिले में कानून और व्यवस्था की गड़बड़ी के मद्देनजर गुरुग्राम से नूंह तक तैनात थे, ने अपनी जान दे दी कल ड्यूटी के दौरान. " हालांकि किसी प्रियजन के नुकसान की भरपाई कोई राशि नहीं कर सकती, लेकिन शोक संतप्त परिवार को 57 लाख रुपये और हरियाणा पुलिस द्वारा सभी सहायता प्रदान की जाएगी.''
हरियाणा के नूंह में हुई घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद 2 अगस्त को देशव्यापी प्रर्दशन करेगी. नूंह जिले में अधिकारियों ने मंगलवार को कर्फ्यू लगा दिया. अब तक पांच लोगों की हिंसा में मौत हो गई है.
हरियाणा के झज्जर जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है. जिलाधीश कैप्टन शक्ति सिंह ने आदेश जारी किया. जिला की राजस्व सीमा में तुरंत प्रभाव से चार या चार से अधिक लोगों के एकत्रित होने पर पाबंदी लगाई गई.
अब राज्यसभा में भी नूंह हिंसा का मुद्दा उठ गया है. आप सांसद सुशील गुप्ता और संजीव अरोड़ा ने राज्यसभा अध्यक्ष को नोटिस दिया है. दोनों सांसदों ने नूंह हिंसा को लेकर नोटिस दिया है. राज्यसभा में इस घटना पर चर्चा करना चाहते हैं.
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नूंह में उत्पन्न हुई स्थिति बैठक की. सीएम ने कहा कि फिलहाल नूंह समेत सभी जगह स्थिति सामान्य है. कुल पांच लोगों (दो होमगार्ड और तीन आम नागरिक) की मौत की अभी तक सूचना है. नूंह में जो कुछ भी हुआ वो दुर्भाग्यपूर्ण है. किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा. सभी नागरिकों से अपील कि शांति बहाली के लिए आगे आएं.
सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया- हरियाणा की समस्त जनता से मेरी हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि ऐसे नाज़ुक समय में हम शांति और आपसी भाईचार कायम रखें. अमन विरोधी ताकतों और हिंसा की सियासत को हम सभी को मिल-जुलकर हराना है.
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने नूंह हिंसा पर ट्वीट किया. सीएम ने लिखा- हरियाणा के नूंह (मेवात) में सांप्रदायिक हिंसा बेहद परेशान करने वाली है. पूर्वोत्तर में मणिपुर के बाद अब हरियाणा में इस तरह की वारदात अच्छे संकेत नहीं हैं.
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने नूंह हिंसा पर ट्वीट किया. सीएम ने लिखा- हरियाणा के नूंह (मेवात) में सांप्रदायिक हिंसा बेहद परेशान करने वाली है. पूर्वोत्तर में मणिपुर के बाद अब हरियाणा में इस तरह की वारदात अच्छे संकेत नहीं हैं.
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हाई लेवल बैठक जारी है. मुख्यमंत्री गृहमंत्री अनिल विज के साथ नूंह में उत्पन्न हुई स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं. मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्यमंत्री के प्रधान मुख्य सचिव डी एस ढेसी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा़ अमित कुमार अग्रवाल बैठक में मौजूद हैं. पुलिस महानिदेशक पी के अग्रवाल, एडीजीपी सीआईडी आलोक मित्तल वर्चुअल तौर पर बैठक में जुड़े हुए हैं.
जिले में अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियां और हरियाणा पुलिस बल की भी 20 कंपनियां तैनात कर दी गई हैं. एसपी बिजारणिया ने कहा कि उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे जारी आदेशों का पालन करें और कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में न ले. उन्होंने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से सक्षम है.
डीसी प्रशांत पवार ने कहा कि अभी तक तीन लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से सक्षम है. उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें.
एसपी बिजारणिया ने आरोपियों की पहचान करने में मदद करने की शांति कमेटी के सदस्यों से अपील की. उन्होंने कहा कि अब तक इस मामले में 16 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और लगभग 60 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है.
नूह के जिला उपायुक्त प्रशांत पवार और एसपी नरेंद्र सिंह बिजारणिया की अध्यक्षता में शांति वार्ता की बैठक संपन्न हुई. बैठक में शहर के मौजिज लोगों ने हिस्सा लिया. मौजिज लोगों ने आश्वस्त किया कि वे हिंसा को नहीं बढ़ने देंगे और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे.
हरियाणा के नूंह में कल दो गुटों के बीच हुई झड़प को लेकर नूंह उपायुक्त कैंप कार्यालय में शांति समिति की बैठक चल रही है.
हरियाणा के नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की यात्रा को रोकने की कोशिश करने पर भड़की हिंसा में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. नूंह में हिंसा के बाद गुरुग्राम के सेक्टर-57 में भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक मस्जिद में आग लगा दी गई.
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर दोपहर 1 बजे सीएम आवास पर नूंह के हालात को लेकर गृह मंत्री अनिल विज के साथ बैठक करेंगे. बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव और डीजीपी समेत सभी प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
नूंह घटना पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुज्जर ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. मैं सभी से भाईचारा बनाए रखने की अपील करता हूं. हरियाणा में हिंसा भड़काने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी:
चश्मदीद गौरव गुप्ता ने बताया कि सोमवार को दोपहर में बहुत भीड़ थी. काफी संख्या में उपद्रवी थे. वो आए पहले साइबर पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ की उसके बाद इनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर दी.
नूंह में हुई हिंसा के बाद पानीपत पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है. मंदिर और मस्जिदों में सुरक्षा बढ़ाई गई . पुलिस का इंटेलिजेंस विंग हाई अलर्ट पर है. पानीपत पुलिस असामाजिक तत्वों के साथ सख्ती से निपटेगी. पानीपत पुलिस आम जन के लिए संदेश चला रही है कि अफवाह की ओर ध्यान ना दें.
अनिल विज ने कहा- नूंह में स्थिति नियंत्रण में है और जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है.दोनों समुदाय लंबे समय से नूंह में शांतिपूर्वक रह रहे हैं. इसके पीछे एक साजिश है. जिस तरह से पत्थर, हथियार, गोलियां मिलीं, उससे लगता है कि इसके पीछे कोई मास्टरमाइंड है. हम विस्तृत जांच करेंगे और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे
नूंह हिंसा पर हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और एडीजी मौके पर हैं. ये जो हिंसा हुई है, ये इसका कोई मास्टर माइंड है. जिसने भी ये षडयंत्र किया है उसके खिलाफ कार्यवाही करेंगे. ये हिंसा ऐसे तो नहीं हो सकती.ये अचानक भडकी हुई हिंसा नही है.किसी ने जहर बोया है.
हरियाणा सरकार के अधिकारी ने कहा कि नूंह, सोहना और आसपास के जिलों में स्थिति नियंत्रण में है. अर्धसैनिक बलों की 13 कंपनियां वहां तैनात की गई हैं, 6 और कंपनियां जल्द पहुंचेंगी. फ़रीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम में कोई कर्फ्यू नहीं लगाया गया है, हालांकि इन जिलों में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए धारा 144 लगाई गई है. सोहना में कुछ देर में शांति समिति की बैठक शुरू होगी.
गोलियां चलने के सवाल पर आफताब ने कहा कि जो भी दोषी है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. विधायक ने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन को इस मामले से आगाह किया था
कांग्रेस विधायक ने कहा कि इस इलाके के सदियों पुराने भाईचारे को नुकसान पहुंचाने के लिए उकसाया. मोनू मानेसर समेत कई लोगों ने वीडियो डालकर चैलेंज देकर उकसाया गया. पूरे समाज को टार्गेट किया गया. पुलिस प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नूंह विधायक ने कहा कि पुलिस ने भी लापरवाही बरती.
कांग्रेस के विधायक आफताब ने इस मामले में मोनू मानेसर पर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि मोनू मानेसर ने लोगों को भड़काया. कांग्रेस विधायक ने कहा कि पुलिस ने भी लापरवाही की और उनका प्रबंधन ठीक नहीं था. इस घटना से इलाके के भाईचारे को नुकसान हुआ.
नूंह में हिंसा के बाद कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्वीट किया है. उन्होंने कहा- हरियाणा में स्थिति भयावह है.हिंसा मेवात से लेकर फ़रीदाबाद तक फैल गई है. प्रधानमंत्री से इस मामले का पूर्ण संज्ञान लेने का आग्रह है क्योंकि हम एक ही समय में एक ही देश में दो मणिपुर नहीं रह सकते.
नूह हिंसा में 2 होमगार्ड्स समेत 3 की मौत हुई है. वहीं 80 से ज्यादा गाड़ियों में आग लगाए जाने की सूचना है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार 50-60 लोग घायल हैं.
इनेलो विधायक अभय चौटाला ने ट्वीट कर लिखा कि नूंह में भड़की हिंसा भाजपा सरकार द्वारा प्रायोजित हिंसा है, सांप्रदायिक दंगे करवाना हमेशा ही भाजपा का एजेंडा रहा है. दोनों समुदायों से शांति की अपील करता हूं कि दंगों में शामिल होकर भाजपा की चाल को कामयाब न होने दें.
पुलिस ने कहा कि जलाए गए वाहन जुलूस का हिस्सा रहे लोगों और पुलिस के थे. एक वीडियो क्लिप में कम से कम चार कारों को जलते हुए देखा जा सकता है. एक अन्य कथित वीडियो में पुलिस की दो क्षतिग्रस्त कारें दिखाई दे रही हैं. क्लिप में गोलियों की आवाज भी सुनी जा सकती है. पुलिस के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद की ‘बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा’ को नूंह में खेड़ला मोड़ के पास युवकों के एक समूह ने रोका और पथराव करने लगे. एक अधिकारी ने बताया कि जुलूस में शामिल कम से कम चार कारों में आग भी लगा दी गई. कुछ पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए.
कुछ दावों के मुताबिक, बल्लभगढ़ में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक आपत्तिजनक वीडियो झड़प की वजह बना. ऐसी भी खबरें थीं कि राजस्थान में दो मुस्लिम व्यक्तियों की हत्या में वांछित गोरक्षक मोनू मानेसर को जुलूस में शामिल होना था.
नूंह के कार्यवाहक SP नरेंद्र बिजारनिया ने कहा कि की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. नूंह में स्थिति नियंत्रण में है. जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. कुछ (पुलिस) बल के सदस्यों को भी चोटें आई हैं. शोभा यात्रा के दौरान झड़प हुई, घटना के पीछे के कारण की जांच की जा रही है. कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अभी इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने का अनुरोध किया. नूंह के विधायक आफताब अहमद और पूर्व विधायक जाकिर हुसैन ने भी इसी तरह की अपील की. उन्होंने इस बाबत ट्वीट किया- प्रदेश में कानून व्यवस्था को कायम करने में BJP-JJP पूरी तरह विफल साबित हुई है. नूंह में हुई हिंसा सरकार की विफलता का परिणाम है. सरकार अपनी जिम्मेदारी को समझें और शांति कायम करने के लिए संवेदनशीलता के साथ हरसंभव प्रयास करें!
जनता उकसावे व अफवाहों पर पैनी नजर रखे और प्रेम व भाईचारे की स्थापना में एक दूसरे का सहयोग करे!
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 'हरियाणा एक हरियाणवी एक' का नारा देते हुए नूंह में शांति की अपील की. हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में हवाई मार्ग से केंद्रीय बलों की तीन कंपनियां भेजी जा रही हैं. नूंह और गुरुग्राम जिलों में लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
फरीदाबाद के जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि जिले में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर सहित सभी शैक्षणिक संस्थान आज, 1 अगस्त को बंद रहेंगे.
गुरूग्राम के जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि जिले में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर सहित सभी शैक्षणिक संस्थान मंगलवार, 1 अगस्त को बंद रहेंगे.
हरियाणा के नूंह जिले में हिंसा के बाद राजस्थान के भरतपुर जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. भरतपुर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि हरियाणा की सीमा से सटे इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है.
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि नूंह इलाके में शांति बहाल करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने कहा कि कोई अप्रिय घटना न हो यह सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा पुलिस की भारी तैनाती के अलावा अर्धसैनिक बल की कंपनियां भी तैनात की जा रही हैं. विज ने बताया, “वहां पर्याप्त बल तैनात किए जा रहे हैं. हमने केंद्र से भी बात की है. हम शांति बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं. मेवात क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है.”
नूंह में बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान तीव्र सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया. राज्य सरकार ने एहतियात के तौर पर बुधवार तक क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं. अतिरिक्त मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन. प्रसाद के एक आदेश में कहा गया है, "...हरियाणा राज्य के नूंह जिले में प्रदर्शनकारियों, उपद्रवियों, आंदोलनकारियों और असामाजिक तत्वों द्वारा तीव्र सांप्रदायिक तनाव, मानव जीवन और संपत्ति को खतरा, सार्वजनिक शांति और सौहार्द में बाधा की स्थिति उत्पन्न की गई है.''
संघर्ष प्रभावित इलाकों में अर्धसैनिक बलों की तीन कंपनियां भेजी गई हैं. नूंह पुलिस ने कहा कि वह दोनों समुदायों के सदस्यों के साथ शांति बैठक कर रही है. नूंह जिले में एक धार्मिक जुलूस के दौरान कुछ उपद्रवियों द्वारा पथराव करने और कारों में आग लगाने के बाद झड़पें हुईं.
एक धार्मिक जुलूस के दौरान पथराव और वाहनों में आग लगाए जाने के बाद इलाके में भारी हिंसा भड़क गई. हिंसा गोरक्षकों और भिवानी मौत मामले के आरोपी मोनू मानेसर के मेवात जाने की खबरों पर भड़की. हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने सोमवार को कहा कि नूंह क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पड़ोसी जिलों से अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं.
हरियाणा के मुस्लिम बहुल नूंह इलाके में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़कने के बाद सोमवार को बच्चों सहित लगभग 2,500 लोगों ने गुरुग्राम के पास एक मंदिर में शरण ली. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसूगैस का इस्तेमाल करना पड़ा. पुलिस ने हवाई फायर भी किये. तनाव ग्रस्त इलाके में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है. करीब 20 लोग घायल हो गए हैं.
- हिंदी न्यूज़
- राज्य
- पंजाब
- Nuh Violence Highlights: नूंह, फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम के सोहना, पटौदी और मानेसर में इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी