पंजाब के मोगा जिले के एक ब्लॉक प्राथमिक शिक्षा अधिकारी (BPEO) को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया. सोशल मीडिया पर वायरल हुए उनके वीडियो के चलते ये एक्शन हुआ है. जिसमें वह अपने कार्यालय में अपनी पत्नी के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं.
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने अधिकारी की पहचान देवी प्रसाद के रूप में की है. वह बाघापुराना उप-जनपद में तैनात थे. शिक्षा विभाग ने बयान में कहा कि प्रसाद को वायरल वीडियो में उनके कदाचार के लिए निलंबित किया गया है. यह कार्रवाई शिक्षा सचिव अनिंदिता मित्रा ने मंत्री हरजोत सिंह बैंस के हस्तक्षेप के बाद की.
मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “किसी भी अधिकारी द्वारा नियमों का उल्लंघन या कर्तव्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सख्त कार्रवाई होगी.”
मोगा के उपायुक्त सागर सेटिया ने बताया कि जैसे ही वीडियो सामने आया, अधिकारी को शोकॉस नोटिस जारी कर दिया गया. यह वीडियो सिर्फ एक मिनट का है, लेकिन इसे बाद में ऑनलाइन बड़े पैमाने पर शेयर किया गया. वीडियो में अधिकारी और उनकी पत्नी बॉलीवुड के गाने ‘तुम रूठी रहो, मैं मनाता रहूँ’ पर डांस कर रहे हैं.
ड्यूटी के दौरान बना था वीडियो
एक वरिष्ठ शिक्षा विभाग अधिकारी के अनुसार, प्रसाद ने बताया कि यह वीडियो जुलाई का था. उस समय वह चुनावी ड्यूटी पर थे. उन्होंने दावा किया कि कार्यालय में उन्होंने कुछ घंटे अपने परिवार के साथ बिताए, और उसी दौरान यह वीडियो शूट हुआ था.
अधिकारी ने यह भी कहा कि उनकी पत्नी का YouTube चैनल है और वीडियो उनके बच्चों ने वहीं अपलोड किया था, इससे पहले कि यह सोशल मीडिया पर फैल गया.
निलंबित अधिकारी ने कहा, “मैं फिरोजपुर का रहने वाला हूं. जिस दिन वीडियो शूट हुआ, उस समय मेरी पत्नी हमारी शादी की सालगिरह के चलते मेरे साथ थीं. यह वीडियो सिर्फ मस्ती और मनोरंजन के लिए बनाया गया था.”
अधिकारी का कहना है कि उन्होंने अभी तक अपना लिखित जवाब विभाग को नहीं दिया है, लेकिन उम्मीद है कि वह इसे बुधवार तक सौंप देंगे.
