पंजाब में पेपर लीकर होने के आरोपों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है. हमारे पास एक चीटिंग का मामला आया था. उन्होंने दावा करते हुए ये भी कहा कि पंजाब में सिर्फ मेरिट पर काम होता है. यहां पर पेपर लीक नहीं होते हैं. यहां बिना पैसे के मेरिट के आधार पर नौकरियां मिलती हैं.
सीएम भगवंत मान ने मीडिया से बातचीत में कहा, ''पंजाब में हमारी सरकार के साढ़े चार साल पूरे हो गए हैं लेकिन यहां एक भी पेपर लीक नहीं हुआ. पिछले दिनों फार्मेसी का एक एग्जाम था. सुबह 11 बजे परीक्षा शुरू हुई. 11.15 तक हमें पता चल गया कि ब्लूटूथ वाले पेन से स्कैनिंग करके कोई बच्चा बाहर से हेडफोन के जरिए आंसर बता रहा था.''
पंजाब में सिर्फ मेरिट पर काम, यहां पेपर लीक नहीं होते- CM
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आगे कहा, ''ब्लूटूथ से चीटिंग का मामला सामने आते ही तुरंत पुलिस ने एक्शन लेते हुए 10 स्टूडेंट और 11 बाहर का जो गैंग था उसे पकड़कर जेल में डाल दिया. पेपर तो बिल्कुल सही हुआ. पंजाब में सिर्फ मेरिट पर काम होता है. यहां पर पेपर लीक नहीं होते हैं.''
पंजाब में बिना पैसे के 68 हजार से अधिक नौकरियां दी गईं- भगवंत मान
जब भगवंत मान से सवाल किया गया कि पंजाब में पेपर लीक के मुद्दे पर बीजेपी ने संसद में प्रोटेस्ट किया है. इस सवाल पर मुख्यमंत्री कहा, ''बीजेपी पहले यहां वाला जंतर-मंतर संभाल ले. पंजाब में 68 हजार 800 से अधिक नौकरियां देकर मैं आपके सामने खड़ा हूं. किसी से एक रुपया तक नहीं लिया गया. यहां सिर्फ मेरिट के आधार पर नौकरियां मिलती हैं. पंजाब में वो सब पास्ट की बातें हो गई हैं. बीजेपी, कांग्रेस और अकाली दल अपने आप को संभाल लें, झाड़ू की चिंता न करें.
