Maharashtra News: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने शनिवार को मुंबई में विपक्षी महा विकास आघाड़ी (MVA) के विरोध मार्च को लेकर तंज कसा. उन्होंने इसे राजनीतिक लाभ उठाने के लिए एक नैनो मोर्चा बताया. फडणवीस ने कहा कि वह बार-बार कहते रहे हैं कि किसी को भी राष्ट्रीय हस्तियों के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए और जो लोग ऐसा करते हैं वे गलत हैं. 

राज्यपाल कोश्यारी को हटाने के लिए MVA ने निकाला मार्चमहाराष्ट्र में एमवीए के घटक दलों ने शक्ति प्रदर्शन के तहत राज्य में एकनाथ शिंदे-भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार के खिलाफ शनिवार को यहां 'हल्ला बोल' विरोध मार्च निकाला और छत्रपति शिवाजी महाराज समेत प्रतिष्ठित हस्तियों के खिलाफ ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी करने के लिए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को हटाने की मांग की.

फडणवीस ने कहा कि वह बार-बार कहते रहे हैं कि किसी को भी राष्ट्रीय हस्तियों के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए और जो लोग ऐसा करते हैं वे गलत हैं. उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘अपना रुख स्पष्ट करने के बावजूद, राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए एक मोर्चा का आयोजन किया गया. जब आपके पास मुद्दे खत्म हो जाते हैं, तो ऐसे मोर्चे आयोजित किए जाते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘छत्रपति शिवाजी महाराज और बी आर आंबेडकर हमारे आदर्श हैं.’’

राज्यपाल कोश्यारी के किस बयान पर मचा है बवालपिछले महीने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल कोश्यारी ने शिवाजी महाराज को ‘‘पुराने जमाने के प्रतीक’’ के रूप में बताया था. महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है जो शिंदे-बीजेपी सरकार के गठन (इस साल जुलाई में) के बाद सामने आई हो.

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस और राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) इस समस्या के लिए जिम्मेदार हैं. यह मुद्दा कांग्रेस पार्टी का बनाया हुआ है.' फडणवीस ने कहा कहा, ‘‘(शिवसेना प्रमुख) उद्धव ठाकरे को राजनीति करने के लिए नए मुद्दों की तलाश करनी चाहिए.’’ एमवीए के विरोध मार्च के बारे में फडणवीस, जिनके पास गृह विभाग भी है, ने कहा कि पुलिस ने एमवीए को रैली के लिए दक्षिण मुंबई में आजाद मैदान का इस्तेमाल करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने यह जानते हुए इस निर्देश का पालन नहीं किया कि मैदान पर बड़ी संख्या में लोगों को नहीं जुटाया जा सकता है.

सैनिकों पर राहुल गांधी की टिप्पणी पर क्या बोले फडणवीसभारतीय सैनिकों पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि पाकिस्तान और राहुल गांधी एक ही दिन भारत के खिलाफ बोलते हैं. फडणवीस ने कहा, ‘‘उनकी (राहुल की) टिप्पणी भारत के लिए उनकी भावनाओं को दर्शाती है.’’

उन्होंने कहा, ''जब भी चीन ने भारतीय क्षेत्र को हड़पा, गांधी परिवार सत्ता में था. आज, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सत्ता में हैं और एक इंच जमीन पर भी किसी और को कब्जा नहीं करने दिया जायेगा. हमारी सेना ने चीनियों का बहादुरी से सामना किया.''

यह भी पढ़ें:

Mumbai Politics: महापुरुषों पर राज्यपाल की टिप्पणी के विरोध में MVA ने निकाला महामोर्चा, शरद पवार ने दी यह चेतावनी