Maharashtra News: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत का दावा किया है. लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ फडणवीस ने कहा कि बीजेपी और उसके सहयोगी राज्य की 48 सीटों में से कम से कम 42 सीटें जीतने के लिए आश्वस्त हैं, यह संख्या 45 तक भी जा सकती है.

इसके साथ ही गुजरात के हाथों प्रोजेक्ट्स गंवाने को लेकर हो रही आलोचना के बीच महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम फडणवीस ने बुधवार (6 मार्च) को कहा कि पड़ोसी राज्य पाकिस्तान नहीं है और कुछ परियोजनाओं का दूसरे राज्यों में जाना स्वाभाविक है.

यह हमारा देश है- देवेंद्र फडणवीस

इंडिया ग्लोबल फोरम में बोलते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम "प्रतिस्पर्धी संघवाद' (Competitive Federalism) के युग में हैं और निवेश के लिए प्रतिस्पर्धा करने वाले राज्यों की संख्या पहले के 2-3 से बढ़कर अब 10 हो गई है, जो विकास को लेकर बेहतर संकेत हैं." उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि कोई कंपनी गुजरात, कर्नाटक या दिल्ली जा रही है. यह पाकिस्तान नहीं है. यह हमारा देश है.

देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा कि कहा कि महाराष्ट्र वास्तव में चाहता है कि हर कोई राज्य में आए. सरकार व्यापार करने में आसानी और लागत दोनों पर काम कर रही है. यह ध्यान देने की बात है कि विपक्ष ने सेमीकंडक्टर जैसी मेगा निवेश प्रोजेक्ट को गंवाने के लिए महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की है. राज्य ने आर्थिक सफलता हासिल करने के लिए टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के नेतृत्व में एक पैनल का गठन किया है और 2030 तक जीएसडीपी को 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक ले जाने का विश्वास जताया.

कई परियोजनाओं का डिप्टी सीएम ने किया जिक्र

फडणवीस ने कहा कि गूगल के सहयोग से आईआईआईटी नागपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर एक एक्सीलेंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अकेले 2014-19 के दौरान जब वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे उस वक्त मुंबई महानगरीय क्षेत्र में बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए 30 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की परियोजनाएं शुरू की गई थीं. उन्होंने कहा कि 375 किमी स्वीकृत मेट्रो लाइनों में से 50 किमी पहले से ही फंक्शनल है, जबकि अन्य 50 किमी 2024 और 2025 में चालू हो जाएगी.

ये भी पढ़ें: Maharashtra Politics: सुप्रिया सुले ने बिना नाम लिए अजित पवार पर किया तंज- 'NCP को भ्रष्टाचार से मुक्त करने...'