Maharashtra News: महाराष्ट्र के पंढरपुर से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक पिकअपवैन और मिनी ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई. यह दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
हादसे में दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह टूटे
घटना पंढरपुर के एक व्यस्त इलाके की बताई जा रही है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में आ रहे थे. अचानक दोनों आमने-सामने टकरा गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअपवैन और मिनी ट्रक दोनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. टक्कर होते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और घायलों को बाहर निकालने में मदद करने लगे.
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पंढरपुर के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.
लापरवाही की वजह से हुआ हादसा
सड़क पर दोनों वाहन तेज गति से चल रहे थे. अचानक सामने से आने पर ड्राइवर वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाए और यह टक्कर हो गई. हादसे के बाद काफी देर तक सड़क पर जाम लग गया. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया.
पुलिस का कहना है कि यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की वजह से हुआ. मामले की जांच की जा रही है और ड्राइवरों से पूछताछ भी की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
Watch: ब्लैक कोबरा को देख टाइट हो जाए हवा, इस आदमी ने आराम से हाथ में उठा लिया, वीडियो वायरल
