इंदौर के सांवेर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना कजलाना पंप चारपाई होटल के पास की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, कजलाना स्थित पेट्रोल पंप पर काम करने वाले रोहित परमार से एक कार चालक ने अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाया. पेट्रोल भरवाने के बाद चालक पैसे दिए बिना ही कार लेकर भागने लगा. इसे देख पंप कर्मचारी रोहित परमार ने कार को रोकने और चालक को पकड़ने की कोशिश की.
पेट्रोल कर्मी को घसीटता ले गया आरोपी
ग्रामीणों का आरोप है, कि इसी दौरान कार चालक ने रोहित का हाथ पकड़ लिया और तेज रफ्तार में गाड़ी भगाते हुए उसे करीब 400 से 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. कुछ दूरी पर वह सड़क पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान रोहित पिता शंकरलाल परमार, निवासी मालीखेड़ी, तहसील सांवेर के रूप में हुई है. यह घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
ये भी पढ़िए- Indore News: इंदौर में पति और पत्नी के शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, पुलिस की जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
पूरे मामले को लेकर इंदौर ग्रामीण डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि घटना सांवेर थाना क्षेत्र की है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि घटनाक्रम का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार चलती हुई दिखाई दे रही है और रोहित उसके साथ भागता नजर आ रहा है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है.
ये भी पढ़िए- Indore News: पहचान छुपाकर युवती से दोस्ती, रेप के दौरान बनाया वीडियो, आरोपी की तलाश
