Jharkhand Train Accident: झारखंड के बरहेट के साहिबगंज में दो मालगाड़ियों की आमने-सामने से हुई टक्कर में दोनों के लोकोपायलट की दर्दनाक मौत हो गई है. हादसा इतना वीभत्स था कि मालगाड़ियों के इंजनों के परखच्चे उड़ गए और उनमें आग लग गई. ट्रैक पर एक मालगाड़ी पहले से खड़ी थी तभी तेज रफ्तार में आ रही दूसरी मालगाड़ी भी उसी ट्रैक पर आ गई और दोनों में भिड़ंत हो गई. अब सवाल उठता है कि देर रात 3.30 बजे इतना बड़ा हादसा कैसे हो गया? एक ही पटरी पर दो ट्रेन कैसे आ गईं?

NTPC के असिस्टेंट जनरल मैनेजर शांतनु दास ने न्यूज एजेंसी आईएएनस को बताया, "इस हादसे की जांच तो होगी. अभी देखकर ऐसा लग रहा है कि यहां का जो कंट्रोलर है, उसने पॉइंट बनाने में कुछ गड़बड़ की है. असिस्टेंट लोको पायलट यानी ALP भी गंभीर रूप से घायल है. उसका भी बयान लिया जाएगा."

'लोको उठाने में लगेगा समय'अधिकारी ने बताया कि ट्रैक से लोको उठाने में समय लग सकता है, क्योंकि यह सामान्य क्रेन का काम नहीं है. लोको काफी वजनी होते हैं और इन्हें उठाने के लिए अलग से इंतजाम करने पड़ते हैं. 

हादसे की सूचना मिलने के बाद रेलवे अधिकारी, पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य में जुट गई. आग बुझाने के बाद इंजन से लोकोपायलट के शवों को निकाला गया. एक शव निकालकर मोर्चरी में रखवाया गया, लेकिन दूसरा शव काफी समय तक इंजन में ही फंसा था. वहीं, एक मालगाड़ी का असिस्टेंट लोको पायलट भी बुरी तरह घायल हो गया है.

घायलों में चार लोग शामिल हैं, जिनमें रेलवेकर्मी और सीआईएसएफ जवान हैं. सभी का बरहेट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है. 

यह भी पढ़ें: झारखंड में दर्दनाक रेल हादसा, दोनों मालगाड़ियों के इंजन के उड़े परखच्चे, वीभत्स हादसे की तस्वीरें आईं सामने