पंजाब में सियासी भूचाल अभी थमा भी नहीं था कि गुजरात में भी राजनीतिक माहौल गरमा गया है. यहां आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर उसके सोशल मीडिया हैंडल को सस्पेंड करने के आरोप लगाए हैं. गुजरात में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी ने एक्स पर एक वीडियो जारी कर ये आरोप लगाया है, जिसे AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रीट्वीट कर सवाल किया कि आखिर बीजेपी AAP से इतनी क्यों डरी हुई है. 

Continues below advertisement

केजरीवाल ने  रीट्वीट कर कर लिखा, 'गुजरात में आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया FB और इंस्टा पेज ब्लॉक किए गए. आखिकर क्यों? बीजेपी इतना क्यों डरी हुई है?'  ईशुदान गढ़वी ने अपने वीडियो में कहा, "पिछले 28 दिनों में आप के सोशल प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर 8 करोड़ लोगों ने देखा है. पिछले 28 दिनों में आप का जो चुनाव का प्रचार प्रसार है उसके चलते दोनों प्लेटफॉर्म पर बहुत सारे फॉलोअर्स बढ़े हैं.  जो आम आदमी घर पर बैठा है वो शायद सड़क पर नहीं आ सकता है या आप के कार्यकर्ताओं के साथ नहीं आ सकता है, वो घर बैठे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सरकार की नीतियों के खिलाफ इंटरेक्शन कर रहा था, लेकिन बीजेपी इतनी डरी कि उसने जैसे तैसे आप के FB और इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड करवा दिया."

 

'बीजेपी डर गई है'

उन्होंने आगे कहा, "इतनी बीजेपी डर गई..यार ये तो हद हो गई.  गुजरात की जनता, गुजरात के लोग तकरीबन 28 दिनों में करीब 8 करोड़ लोग दोनों प्लेटफॉर्म से जुड़े.  इसमें डरने की क्या जरूरत थी आपको काम सुधारने की जरूरत थी. आप काम करते हैं लोंगो का, लेकिन डराना, धमाकाना , सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बंद करवा देना.  आप के कार्यकर्ताओं का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बंद कराना ...क्या मतलब है इसका? गुजरात की जनता आपको इसका जवाब देगी, गुजरात की जनता अब जागरूक हो गई है."

पेज को सस्पेंड करने की टाइमिंग पर सवाल

गौर हो कि AAP को गुजरात का FB और इंस्टाग्राम पेज नगर निगम चुनाव प्रचार की तैयारियों के बीच सस्पेंड कर दिया गया है. पेज सस्पेंड होने की टाइमिंग को लेकर AAP ने बीजेपी को घेरा है और आरोप लगाया कि बीजेपी जानबूझकर AAP की पहुंच को रोकने की कोशिश कर रही. ये आरोप तब सामने आ रहे जब आप पहले ही पार्टी के 7 सांसदों के जाने से संकट में है. पार्टी प्रवक्ता अनुराग ढांढा ने कहा कि कितनी भी दिक्कतें हों AAP अपना कैंपेन जारी रखेगी. वहीं,  बीजेपी की तरफ से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

प्रवेश वर्मा ने दिखाईं केजरीवाल के घर की फर्जी तस्वीरें? BJP के 'शीशमहल-2' के दावे पर भड़की AAP