गुजरात के अहमदाबाद में नगर निगम चुनाव (AMC) होने वाले हैं. इन चुनाव से पहले कांग्रेस ने सोमवार, 30 मार्च को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ एक 'चार्जशीट' जारी की है, जिसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, खराब नागरिक अवसंरचना और जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया गया है. गुजरात में एएमसी और कई अन्य नागरिक एवं स्थानीय निकायों के चुनावों की घोषणा अगले महीने होने की उम्मीद है.
'बीजेपी बुरी तरह विफल'- कांग्रेस का दावा
कांग्रेस नेताओं ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी नगर निकाय में 20 से अधिक वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने में 'बुरी तरह विफल' रही है.
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक शैलेश परमार ने यह 'चार्जशीट' जारी की है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी का शासन मॉडल 'कमीशन, कट और स्कैम (घोटाले)' पर आधारित है.
कांग्रेस नेता शैलेश परमार का हमला
शहर की दानिलिमदा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले परमार ने कहा, 'बीजेपी की ट्रिपल-इंजन सरकार है, लेकिन यह ‘कमीशन, कट और स्कैम (घोटाले)’ पर चलती है. अहमदाबाद के निवासी व्यापक भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के कारण भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. शहर की सड़कें हर मानसून में जलमग्न हो जाती हैं, जलमल की समस्या बनी हुई है और अनियोजित निर्माण ने यातायात जाम को और भी बदतर बना दिया है.'
गुजरात में होने हैं 15 नगर निगमों के चुनाव
गुजरात में जल्द ही स्थानीय निकाय चुनाव की घोषणा की जाएगी. राज्य चुनाव आयोग ने 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तहसील पंचायत के चुनावों की तैयारी लगभग पूरी कर ली है.
अभी तक मिली सूचना के मुताबिक, अप्रैल के पहले हफ्ते में चुनावों की तारीखों का ऐलान हो सकता है. वहीं, सूत्रों की मानें तो 15 मई तक चुनाव प्रक्रिया संपन्न करा ली जाएगी. चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी तैयार दिख रही है. पार्टी ने 460 उम्मीदवारों के नाम की लिस्ट भी जारी कर दी है.
