दिल्ली-एनसीआर में एक दिन की राहत के बाद शनिवार (06 जून) को गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़ ली. मौसम विभाग के शाम 5:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, पालम में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा.
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के लोदी रोड में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और रिज में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटों की तुलना में तापमान में 4.2 से 5.2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को गर्मी ज्यादा महसूस हुई.
दिल्ली में कितना रहा न्यूनतम तापमान?
वहीं दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.7 से 26.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 1.2 से 2.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. हालांकि भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार के लिए बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई थी. शुक्रवार (05 जून) को सुबह में राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, जिसके बाद आम लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली थी.
5 जून को सफदरजंग में 3.7 डिग्री तक गिरा था तापमान
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 3.7 डिग्री तक की गिरावट देखी गई. यह 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वहीं, अधिकतम पारा 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है. सफदरजंग में शुक्रवार को सुबह 2:30 बजे से 5:30 बजे के बीच 0.1 मिमी बारिश भी हुई.
पालम में 5 जून को सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम था पारा
राजधानी के पालम में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री कम है, जबकि यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.4 डिग्री कम था. इसके साथ ही लोधी रोड में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी. यहां पारा गिरकर 25.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इस इलाके में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया.
दिल्ली में अवैध निर्माण करने पर 2 साल की होगी जेल, रेखा गुप्ता सरकार की बैठक में बड़ा फैसला
