दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ है. तड़के सुबह से ही लगातार हल्की बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज आसमान में बादल छाये रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. अगले एक दो दिन तक शहर में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है.
IMD के अनुसार, शुक्रवार (21 अगस्त) को आसमान में बादलों का आना-जाना लगा रहा, लेकिन चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान किया. इस दौरान न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा. वहीं, अधिकतम तापमान करीब 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा. गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस और नोएडा ने 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम?
IMD के अनुसार, आज शनिवार (22 अगस्त) शहर का न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. आज शहर के कई जगहों पर एक या दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है और सुबह से दोपहर तक कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होगी. एक बार फिर बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी.
पिछले 24 घंटों में बढ़ा न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी/बिजली कड़कने की घटनाएं हुईं. पिछले 24 घंटों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जबकि अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ. पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25-28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
इस दौरान दिल्ली में 20-25 किमी/घंटा की गति से पश्चिमी हवाएं चलीं. वहीं, पालम में सुबह 9:30 बजे हवा की गति 41 किमी/घंटा तक पहुंच गई थी. पिछले 24 घंटों के दौरान नमी का अधिकतम स्तर 84 प्रतिशत और न्यूनतम स्तर 54 प्रतिशत दर्ज किया गया.
