Arvind Kejriwal On Delhi Power Cut: दिल्ली में गर्मी अभी चरम पर पहुंची भी नहीं है, लेकिन पावर कट से राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले लोग परेशान हैं. इस बीच दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आमदी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार (12 अप्रैल) को बिजली समस्या और बीजेपी की सरकार के कामकाज को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि बीजेपी वालों ने 2 महीनों में ही दिल्ली का क्या हाल कर दिया?

आम आमदी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष के एक ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए कहा, "केवल दो महीनों में इन्होंने दिल्ली का क्या हाल कर दिया?"

AAP सरकार ने पावर कट की नहीं आने दी नौबत- अरविंद केजरीवाल 

अ​रविंद केजरीवाल ने दो दिन पहले सीएम रेखा गुप्ता को निशाने पर लेते हुएक हा था, "9 अप्रैल को दिल्ली में पीक डिमांड 5462 MW थी. केवल इतने में ही पूरी दिल्ली में कई जगहों पर कई कई घंटे बिजली नहीं आई. पिछले साल पीक डिमांड लगभग 8500 MW पहुंच गई थी. आप सरकार ने दिल्ली में कहीं बिजली नहीं कटने दी थी. 

श्रीनिवासपुरी में प्रवेश वर्मा का जबरदस्त विरोध

दरअसल, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने कुछ देर पहले एक्स पर कहा, "दिल्ली में लोग पॉवर कट से इतने परेशान हैं कि बीजेपी के नेताओं को देख कर कोसने लगते हैं, इसलिए बीजेपी के मंत्री सैंकड़ों पुलिस वालों के बिना ऑफिस से नहीं निकल पाते.रविवार को मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा श्रीनिवासपुरी गए थे. वहां पर महिलाओं ने उनका जोरदार विरोध किया."

आतिशी के इसी पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हमला बोला है? उन्होंने तंज करते हुए पूछा है कि दिल्ली का ये क्या कर दिया?