VIP Chief Mukesh Sahani: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की मंगलवार को दो दिवसीय प्रदेश और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक समाप्त हो गई. पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में हुई इस बैठक में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में 60 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया. बैठक के बाद पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी (Mukesh Sahani) ने बैठक में लिए गए निर्णयों के विषय में बताते हुए कहा कि पार्टी अपनी पहचान बना चुकी है. पार्टी के साथ आठ से दस प्रतिशत वोट हैं.

हमारे लिए गठबंधन जरूरी है- मुकेश सहनी

बिहार में वीआईपी पार्टी 150 सीटों पर निर्णायक भूमिका में है. इन सीटों पर हम परिणाम प्रभावित करने की ताकत रखते हैं. इस साल होने वाले चुनाव में हमारी पार्टी 60 सीट पर चुनाव लड़ेगी. शेष सीट हम सहयोगियों के लिए छोड़ेंगे.उन्होंने स्पष्ट कहा कि हम टिकट मांगने वाले नहीं, बांटने वाले हैं.हम43 सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि समझौता हो. हमारे लिए गठबंधन जरूरी है. उन्होंने सहयोगियों को भरोसा देते हुए कहा कि जहां पर हमारे सहयोगी लड़ेंगे, वहां हम उन्हें जीताने में मदद करेंगे.

मुकेश सहनी ने यह भी याद कराया कि हम लोगों ने पहले से ही नारा दिया है कि इस चुनाव में चार नहीं, 40 विधायक बनाना है. दावा करते हुए उन्होंने कहा कि जब 60 सीट पर चुनाव लड़ेंगे, तब 40 से 50 सीट पर चुनाव जीतकर जरूर आएंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आज से ही सभी सीटों पर चुनाव की तैयारी में जुट जाने की अपील की. सहनी ने यह भी कहा कि 50 प्रतिशत सीट हम पिछड़ा, अति पिछड़ा और एससी के लिए सुरक्षित करेंगे.

सहनी ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया हौसला

उन्होंने यह भी कहा कि आपकी जीत पर हमारे सिर पर ताज होगा. ताज जब होगा तभी बिहार में निषाद समाज का कल्याण होगा. हमारी सरकार बनने पर वीआईपी का उप मुख्यमंत्री होगा. इस बैठक में अन्य और कई प्रस्ताव स्वीकृत किए गए. बैठक के अंत में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया और सभी लोगों ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामना दी. बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. 

ये भी पढ़ेंः 'कोई गुनाह थोड़े ही किए हैं', लैंड फॉर जॉब मामले में परिवार के लोगों को मिली जमानत तो बोलीं राबड़ी देवी