बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार (03 मई) को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार समेत अन्य मुद्दों पर दोनों के बीच चर्चा हुई है. आने वाले हफ्ते में बिहार में मंत्रिमंडल के विस्तार होने की संभावना जताई जा रही है. दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री से मिलने से पहले उन्होंने एनडीए के कई अन्य नेताओं से भी मुलाकात की है. 

Continues below advertisement

बता दें कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होना बाकी है. 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने बिहार के नए सीएम के तौर पर शपथ ली थी. वो प्रदेश में बीजेपी के पहले सीएम हैं. उनके साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ ली थी.

'जो गलती करेगा मारा जाएगा', बिहार में अपराधियों के एनकाउंटर पर अनंत सिंह की दो टूक

सम्राट चौधरी ने लालकृष्ण आडवाणी से भी की मुलाकात

सम्राट चौधरी ने पूर्व डिप्टी पीएम लालकृष्ण आडवाणी से भी मुलाकात की. उन्होंने लिखा, ''सांगठनिक एवं वैचारिक पुरुष, हम सभी के प्रेरणापुंज और मार्गदर्शक, भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री व गृह मंत्री, आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात का सौभाग्य प्राप्त हुआ. इस अवसर पर उनके स्वास्थ्य संबंधी कुशलक्षेम भी जाना. ईश्वर से उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं. आदरणीय आडवाणी जी का स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन हम सभी के लिए ऊर्जा, प्रेरणा और दृढ़ संकल्प का सतत स्रोत है.''

दिल्ली में नित्यानंद राय से भी मिले CM सम्राट चौधरी

सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से भी मुलाकात की है. मिलने के बाद उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ''नई दिल्ली में आत्मीय भेंट और सार्थक मुलाकात हुई. इस दौरान 'विकसित भारत, समृद्ध बिहार' के विजन को लेकर सकारात्मक और परिणामोन्मुखी चर्चा हुई.''

JDU नेता ललन सिंह से भी दिल्ली में की मुलाकात

केंद्रीय मंत्री और JDU नेता ललन सिंह से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए CM सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, ''बिहार से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई और राज्य के समग्र विकास को गति देने के लिए सहयोग व समन्वय पर विचार-विमर्श किया गया. वहीं, सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से मिलने के बाद इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया. इससे पहले, सम्राट चौधरी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की.

बिहार: निशांत कुमार ने पटना से शुरू की ‘सद्भाव यात्रा’, पिता नीतीश कुमार से लिया आशीर्वाद