बिहार में 23 अक्टूबर को आठ सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव के बीच प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज पर प्रचार सामग्री के साथ 500 रुपये के नोट बांटने का आरोप लगा है. इससे जुड़ी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. बिहार बीजेपी के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल की ओर से बयान जारी करते हुए प्रशांत किशोर की पार्टी को घेरा गया है. इस पर अब खुद पीके ने पलटवार किया है.

Continues below advertisement

जन सुराज के भ्रामक प्रचार पर प्रशांत किशोर ने कहा, "दानिश इकबाल बीजेपी के मीडिया प्रभारी हैं, बीजेपी का मीडिया प्रभारी जन सुराज की तारीफ करेगा? देश में बीजेपी से ज्यादा पैसा किसके पास है? सरकार तुम्हारी, दिल्ली में शासन तुम्हारा, सारे उद्योगपति तुम्हारे और पैसा जन सुराज बांट रहा है? वायरल वीडियो में कितनी सच्चाई है, आप लोग खुद जांच लीजिए..."

प्रशांत किशोर ने शनिवार (17 अक्टूबर, 2026) को यह बयान नालंदा में दिया है. वे एमएलसी चुनाव को लेकर प्रचार के लिए नालंदा पहुंचे थे. इस मौके पर एक बार फिर उन्होंने कहा कि जाति-धर्म से ऊपर उठकर वोट दें. अपने और अपने बच्चों की शिक्षा, रोजगार, शिक्षक अपने सम्मान-वेतनमान के लिए वोट दें.

Continues below advertisement

पीके ने कहा, "अब लोगों को तय करना है कि सम्राट चौधरी की बेलगाम व्यवस्था में रहना है या उस पर अंकुश-लगाम लगाना है."

यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव में प्रशांत किशोर बांट रहे 500 के नोट? फोटो वायरल

'दो बातों से घबराई हुई है बीजेपी'

जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा कि चार स्नातक और चार शिक्षक सीट पर एमएलसी चुनाव होना है. प्रशांत किशोर और जन सुराज ने जिस तरह से सातवें वेतनमान का मुद्दा उठाया है और स्नातक के लिए उन क्षेत्रों में जहां से जन सुराज पार्टी जीतेगी वहां के 10 हजार युवाओं को नौकरी दी जाएगी, इन दो बातों से बीजेपी घबराई हुई है. भारतीय जनता पार्टी तरह-तरह के एजेंडे चला रही है. 

'...तो चुनाव आयोग में शिकायत करिए'

कुमार सौरभ ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक पैंपलेट बनाकर, जन सुराज के उम्मीदवार की तस्वीर लगाकर, कुछ पैसे डालकर, आप फोटो वायरल कर रहे हैं. उस पर मीडिया में हवाबाजी कर रहे हैं. अगर कोई सबूत है अगर जन सुराज से जुड़ा व्यक्ति है तो चुनाव आयोग में जाकर शिकायत करिए.

यह भी पढ़ें- अनंत सिंह के 9 लोगों की हत्या वाले दावे पर JDU की प्रतिक्रिया, 'सब कुछ...'