भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह ने बिहार के मुंगेर जिले में एक स्टेज शो के दौरान अभिनेत्री अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से माफी मांगी. कल्याणपुर में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में पवन सिंह के बयान ने लोगों का ध्यान खींचा. उन्होंने अक्षरा सिंह को अपना बाबू और बेटा बताया. साथ ही उनके माता-पिता के लिए भी सम्मान जताया.

Continues below advertisement

पवन सिंह की बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग उत्साहित नजर आए. उन्होंने आगे साथ काम करने की भी इच्छा जताई है. उनका यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है.

यह भी पढ़ें- इमरान खान विवाद पर चिराग पासवान की दो टूक, बोले- 'भारतीय नागरिक नहीं...'

Continues below advertisement

बोले- अक्षरा और उनके परिवार से दिल से सॉरी

मंच से पवन सिंह ने कहा, “अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बेटा है. उनके पिताजी मेरे भैया हैं और माताजी भाभी हैं.” उन्होंने आगे कहा कि अगर उनकी वजह से अक्षरा सिंह के माता-पिता को कभी बुरा लगा है, तो वह दिल से माफी मांगते हैं और उन्हें प्रणाम करते हैं. पवन सिंह के इस बयान को उनके और अक्षरा सिंह के पुराने विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है.

क्या फिर साथ काम करेंगे पवन-अक्षरा?

माफी मांगने के बाद पवन सिंह ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वे अक्षरा सिंह और उन्हें फिर से साथ काम करते देखना चाहते हैं. इस सवाल के बाद दोनों कलाकारों की जोड़ी को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. फिलहाल यह देखना होगा कि भविष्य में दोनों किसी प्रोजेक्ट में साथ नजर आते हैं या नहीं.

बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में उमड़ी भीड़

मुंगेर के कल्याणपुर स्थित सिद्धपीठ श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में शारदीय नवरात्र के दौरान भव्य आयोजन किया गया. यूथ क्लब कल्याणपुर की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. मां भगवती के दर्शन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे. पवन सिंह की मौजूदगी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए. उनके बयान के बाद धार्मिक आयोजन के साथ भोजपुरी सिनेमा की चर्चित जोड़ी भी सुर्खियों में आ गई है.

यह भी पढ़ें- '...हाथ काटकर लाओ, 2 लाख दूंगा', पप्पू यादव ने किसको ललकारा?