मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के ऐलान के बाद से बिहार में डिप्टी सीएम पद को लेकर चर्चा तेज हो गई है. जेडीयू की तरफ से इस पद के लिए दो नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बताए जा रहे हैं. पहला नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार (Nitish Kumar Son Nishant Kumar) का है, जबकि दूसरा नाम पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय चौधरी (Vijay Kumar Chaudhary) का माना जा रहा है. हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व और गठबंधन के स्तर पर ही लिया जाएगा.

Continues below advertisement

दरअसल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद यह ऐलान किया है कि वह राज्यसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं. उनके इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में कई तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो राज्य में मुख्यमंत्री कौन बनेगा और जेडीयू में नई जिम्मेदारियां किसे मिलेंगी.

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सत्ता संतुलन बनाए रखने के लिए एनडीए के अंदर नई व्यवस्था बनाई जा सकती है. इसी के तहत डिप्टी सीएम पद को लेकर भी मंथन चल रहा है.

Continues below advertisement

निशांत कुमार को राजनीति में लाने की चर्चा

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी इन दिनों काफी चर्चा हो रही है. माना जा रहा है कि उन्हें डिप्टी सीएम बनाकर सक्रिय राजनीति में उतारा जा सकता है. जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री पहले ही सार्वजनिक तौर पर निशांत के राजनीति में आने का स्वागत कर चुके हैं.

अगर ऐसा होता है तो इसे नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जाएगा. हालांकि अभी तक इस पर आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं की गई है.

विजय चौधरी भी मजबूत दावेदार

डिप्टी सीएम पद की चर्चा में जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय चौधरी का नाम भी काफी मजबूत माना जा रहा है. विजय चौधरी लंबे समय से पार्टी के भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं और सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. उनके अनुभव और संगठन में पकड़ को देखते हुए उन्हें भी इस पद का दावेदार माना जा रहा है.

बीजेपी को मिल सकता है मुख्यमंत्री पद

बता दें गठबंधन के नए समीकरण के तहत भारतीय जनता पार्टी को मुख्यमंत्री पद मिलने की भी चर्चा है. अगर ऐसा होता है तो जेडीयू की तरफ़ से डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है. हालांकि इन सभी अटकलों के बीच अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व और गठबंधन की बैठक के बाद ही साफ हो पाएगा. 

Bihar Deputy CM Name Race Live Updates