बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार (09 अक्टूबर, 2026) को राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी रहे. मुख्य सचिव, डीजीपी सहित तमाम वरीय पदाधिकारी रहे.

Continues below advertisement

इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि हर हाल में विधि-व्यवस्था बनाए रखें. अपराधियों की जिलावार एवं थानावार लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही CCA के तहत सख्त कदम उठाने का भी निर्देश दिया.

साथ ही यह भी कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त हो. गड़बड़ी करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई हो. सीएम ने कहा कि सभी जिलों में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं साइबर क्राइम सेंटर के माध्यम से निगरानी हो. साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया. यह बैठक लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में हुई है.

Continues below advertisement

दो घंटे के भीतर करें कार्रवाई: सीएम

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सोशल मीडिया से जुड़े संवेदनशील मामलों में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को दो घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई करें. मुख्यालय स्तर निगरानी की व्यवस्था पर जोर दिया गया. अभद्र भाषा और गैरकानूनी सामग्री के मामलों में संबंधित कानूनों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.

यह भी पढ़ें- CJP को प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर RJD भड़की, 'अगर प्रशासन…'

बैठक में नशीले पदार्थों पर भी चर्चा

इस बैठक में नशीले पदार्थों पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा. इस नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया गया. 

दूसरी ओर आर्थिक अपराधों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अवैध तरीके से संपत्ति या आर्थिक लाभ अर्जित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा. वहीं महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले जन सुराज का बड़ा बयान, 'आंदोलन पर रोक…'