आरक्षण को लेकर एक बार फिर देश में बवाल छिड़ गया है. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने आरक्षण को लेकर दिया गया एक बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बयान को केंद्रीय मंत्री ने बीते रविवार (23 अगस्त, 2026) को अपने एक्स हैंडल से भी शेयर किया है जिसमें वे यह कह रहे हैं कि जब तक चिराग पासवान जिंदा है, तब तक न संविधान को कोई खतरा है न आरक्षण को कोई खतरा है. इस पर आज (सोमवार, 24 अगस्त) बीजेपी और जेडीयू से रिएक्शन आया है.
बीजेपी की ओर से भी आरक्षण सुधार आंदोलन का विरोध किया है. बीजेपी का कहना है कि जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं और बीजेपी की सरकार रहेगी तब तक आरक्षण पर कोई खतरा नहीं होगा. जैसे आरक्षण है वैसे ही रहेगा.
बिहार बीजेपी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, "बिहार में मंडल कमीशन बीजेपी के सहयोग से शुरू हुआ था जब कर्पूरी ठाकुर का समय था... वीपी सिंह की सरकार में भी आरक्षण लागू हुआ था तो बीजेपी सहयोग में थी. बीजेपी शुरू से ही आरक्षण का पक्षधर रही है और आगे भी रहेगी."
उन्होंने आगे कहा, "कोई भी अफवाह फैलाने का काम नहीं करे, आरक्षण जैसे है वैसे ही रहेगा. अलग-अलग लोग अलग-अलग नाम से अफवाह फैलाते हैं, लेकिन बीजेपी आरक्षण के खिलाफ नही है."
(नीचे चिराग पासवान का वीडियो देखिए)
जेडीयू ने की केंद्र सरकार की तारीफ
दूसरी ओर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू की ओर से केंद्र सरकार की तारीफ की गई. पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी जाति समुदाय के लोगों को आच्छादित किया है… ज्यादा से ज्यादा नौजवानों को अवसर मिलना चाहिए, जेडीयू तो हमेशा से आरक्षण का पक्षधर है."
यह भी पढ़ें- आरक्षण पर बवाल! ब्रजेश पाठक के बयान पर क्या बोली चिराग की पार्टी?
नीरज कुमार ने कहा, "इसमें दलित, पिछड़ा आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य लोग हों... जेडीयू तो अतिपिछड़ा के लिए अलग वर्गीकरण की मांग कर रही है. अतिपिछड़ा का वर्गीकरण राष्ट्रीय स्तर पर हो. अभी जो आंदोलन हो रहा है वह संवैधानिक व्यवस्था को नहीं समझने वाले लोग हैं..."
बीजेपी और जेडीयू के बयानों से यह स्पष्ट है कि चिराग पासवान ने जो भी कहा है वह सही कहा है. दोनों पार्टियों का समर्थन चिराग को है. फिलहाल देखना होगा कि इस पर सियासत कहां तक होती है और बिहार में विपक्ष का क्या कुछ स्टैंड रहता है.
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी के परिवार से देर रात मिले पवन सिंह, कहा- 'न्याय दिलाकर रहूंगा'
