बीपीएससी टीआरई-4 (TRE-4) में आवेदन का नया रिकॉर्ड बना है. इस भर्ती के लिए करीब 10 लाख 500 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. आवेदन की संख्या के मामले में इस बार पिछली सभी भर्तियों के रिकॉर्ड टूट गए हैं.
आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 को समाप्त हो चुकी है. इस भर्ती के जरिए कुल 33,320 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. परीक्षा जनवरी से फरवरी 2027 के बीच प्रस्तावित है.
BPSC की अब तक की शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में TRE-4 के लिए सबसे ज्यादा आवेदन आए हैं. TRE-1 में करीब 8 लाख से 8.26 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. TRE-2 में यह संख्या लगभग 6 लाख से 7.32 लाख के बीच रही. वहीं, TRE-3 में करीब 4.50 लाख से 5.96 लाख आवेदन मिले थे. इस बार आवेदनों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है.
दो साल के अंतराल और STET से बढ़ी दावेदारी
TRE-4 में बड़ी संख्या में आवेदन आने की एक वजह पिछली भर्ती के बाद करीब दो साल का अंतराल माना जा रहा है. इस दौरान शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं को आवेदन का इंतजार था. इसके अलावा माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) के आयोजन से भी पात्र अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ी है. बिहार के साथ दूसरे राज्यों के युवाओं ने भी इस भर्ती में बड़ी संख्या में आवेदन किया है.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह बेटी की शादी के दिन कराएंगे प्रतियोगिता, जीतने वाले को देंगे थार
प्राथमिक से उच्च माध्यमिक तक होगी नियुक्ति
TRE-4 के तहत प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. कुल 33,320 रिक्त पदों को भरने के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित होगी. चयन के लिए एक लिखित परीक्षा यानी सिंगल रिटन एग्जाम लिया जाएगा. परीक्षा जनवरी से फरवरी 2027 के बीच होने की संभावना है. हालांकि, परीक्षा की अंतिम तारीख आयोग की ओर से घोषित की जानी है.
निगेटिव मार्किंग और OMR पैटर्न में बदलाव
इस बार परीक्षा में निगेटिव मार्किंग लागू की गई है. यानी गलत उत्तर देने पर अभ्यर्थियों के अंक काटे जाएंगे. OMR शीट के पैटर्न में भी बदलाव किया गया है. पहले हर सवाल के लिए चार विकल्प होते थे. अब पांचवां विकल्प भी दिया जाएगा. यह विकल्प उन अभ्यर्थियों के लिए होगा, जो किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहते. ऐसे में उम्मीदवारों को उत्तर भरते समय नए निर्देशों का ध्यान रखना होगा.
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के चैलेंज पर BJP ने पूछ दिया ये सवाल, जवाब देंगे कांग्रेस नेता?
