विवादित बयान देकर चर्चा में आए बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने अब सफाई दी है. उनके सफाई वाले वीडियो बयान को बिहार लोक सेवा आयोग के एक्स हैंडल से जारी किया गया है. परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने अपने बयान के लिए खेद जताया है.
परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने कहा, "आज छात्रों के विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई थी. इस दौरान मेरे द्वारा एक लोकोक्ति बताई गई थी जिसको सोशल मीडिया पर तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है… अन्य संदर्भ में… मैं कहना चाहता हूं कि मेरा किसी व्यक्ति विशेष या समूह को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था. अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मुझे खेद है."
बयान के बाद तेज हुई सियासत
परीक्षा नियंत्रक ने भले खेद जताते हुए माफी मांग ली है लेकिन बिहार में सियासत शुरू हो गई है. प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज की ओर से प्रतिक्रिया आई है. जन सुराज के प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "जज साहब ने कॉकरोच कहा था… शिक्षा मंत्री जी (श्रीमान धर्मेंद्र प्रधान जी) चले गए. BPSC वाले यह साहब छात्रों के पक्ष में बोलने वालों को कुत्ता बता रहे हैं! हमने पहले ही कहा है कि अगला नंबर 'मिस्टेक तिवारी जी' का है और ये अब दिख रहा है."
यह भी पढ़ें- चिराग पासवान के आरक्षण वाले बयान पर क्या है BJP-JDU का स्टैंड? जानें
कुमार सौरभ ने आगे कहा, "बांकीपुर में कुत्ता-बिल्ली वाले बयान से BJP के नेताओं का पेट नहीं भरा है जो अब एक AC रूम में बैठा ये अधिकारी मेरे बिहार के छात्र, युवा और उनके पक्ष में बोलने वाले आम लोग, मीडिया और सभी लोगों के लिए कुत्ता शब्द का प्रयोग करेगा? सम्राट चौधरी जी, ये BPSC का परीक्षा नियंत्रक स्वयं को हाथी और बाकी के लोग जो प्रश्न कर रहे हैं उन्हें "कुत्ता" बता रहा है? रैंक 3 की उत्तर पुस्तिका पर उठे प्रश्न का उत्तर यह अधिकारी इस प्रकार से देगा? अगर ये माफी नहीं मांगे तो बीपीएससी कार्यालय से बाहर निकलते ही इनको घेर कर इनसे प्रश्न भी पूछा जाए और इनके मुंह पर कालिख भी पोती जाए!"
यह भी पढ़ें- TRE-4 में एक या दो परीक्षा? BPSC ने साफ की तस्वीर, बताया कब होगा एग्जाम
