कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर बिहार में सियासी घमासान तेज हो गया है. सोमवार (26 अक्टूबर) को पटना में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला. प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से सड़क पर उतरे. इस दौरान खरगे के खिलाफ नारेबाजी की गई. बीजेपी ने मांग की कि खरगे और राहुल गांधी पूरे देश से माफी मांगें. पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि माफी मिलने तक विरोध जारी रहेगा.

Continues below advertisement

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से इनकम टैक्स गोलंबर तक विरोध मार्च निकाला. प्रदर्शन के दौरान बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी की गई. पोस्टरों पर 'बुजुर्ग खरगे शर्म करो, अपशब्द बोलना बंद करो' जैसे नारे लिखे थे. पार्टी ने अपने सभी संगठन इकाइयों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी.

यह भी पढ़ें- गया में जमीन विवाद में चले बम और पत्थर, RJD ने सम्राट सरकार को घेरा

Continues below advertisement

संजय सरावगी ने कहा- राहुल और खरगे मांगें माफी

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दोनों नेताओं को कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते हुए माफी मांगनी चाहिए. प्रदर्शन के दौरान कुछ बीजेपी नेताओं ने भी कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती, तब तक विरोध जारी रहेगा.

खरगे के पुतले का दहन, लगाए नारे

प्रदर्शन के दौरान डाक बंगला चौराहे पर खरगे का पुतला दहन भी किया गया. प्रदर्शन में मुस्लिम समाज के कुछ युवक भी शामिल हुए. उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से बिहार के मुसलमानों से माफी मांगने की मांग की.

क्या था खरगे का बयान?

रविवार को पटना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. कार्यक्रम के दौरान एक कार्यकर्ता ने कहा था कि मोदी सरकार तब तक नहीं हटेगी, जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा. इस पर खरगे ने कहा, ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा.’ इस टिप्पणी के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है.

यह भी पढ़ें- खरगे के बयान पर RJD का बचाव, भाई वीरेंद्र बोले- स्लिप ऑफ टंग, माफी क्यों मांगें?