बिहार में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान को लेकर सियासत तेज है. बीजेपी और जेडीयू के नेता खरगे से माफी मांगने की मांग कर रहे हैं. वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने उनका बचाव किया है. मनेर से आरजेडी के विधायक और वरिष्ठ नेता भाई वीरेंद्र ने कहा कि खरगे का बयान जुबान फिसलने का मामला हो सकता है. ऐसे में माफी मांगने की मांग गलत है. उन्होंने जेडीयू को लेकर अनंत सिंह की भविष्यवाणी पर भी बड़ी बात कही.
भाई वीरेंद्र ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे देश के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में शामिल हैं. वह जानकार और बुद्धिजीवी व्यक्ति हैं. खरगे जिस तरह के नेता हैं, उनसे ऐसे बयान की उम्मीद नहीं की जाती. इसलिए इसे जुबान फिसलने का मामला माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को ज्यादा तूल देने की जरूरत नहीं है.
यह भी पढ़ें- 'उम्र का असर, मानसिक तौर पर बीमार', खरगे पर ललन सिंह का बड़ा हमला
'मोदी और बीजेपी नेताओं ने भी दिए विवादित बयान'
आरजेडी विधायक ने सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के कई नेता महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू को लेकर विवादित बयान देते रहे हैं, तो क्या उन्होंने माफी मांगी? भाई वीरेंद्र ने इसी आधार पर खरगे से माफी मांगने की मांग पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि इस मामले में माफी की बात करना उचित नहीं है.
खड़गे के बयान पर बिहार में सियासी घमासान
दरअसल, रविवार 25 अक्टूबर को बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पहुंचे थे. संबोधन के दौरान एक कार्यकर्ता के सवाल पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. इसके बाद बीजेपी और जेडीयू ने कांग्रेस अध्यक्ष से माफी मांगने की मांग की.
अनंत सिंह की जेडीयू पर भविष्यवाणी का समर्थन
भाई वीरेंद्र ने जेडीयू से छह साल के लिए निष्कासित किए गए अनंत सिंह के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. अनंत सिंह ने दावा किया था कि जेडीयू जल्द खत्म हो जाएगी और पार्टी को 10 से 12 सीटें भी नहीं मिलेंगी. भाई वीरेंद्र ने कहा कि वह पहले से ही जेडीयू के कमजोर होने की बात कहते रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जेडीयू में सब कुछ ठीक नहीं है और पार्टी बीजेपी के इशारे पर चल रही है.
यह भी पढ़ें- गया में जमीन विवाद में चले बम और पत्थर, RJD ने सम्राट सरकार को घेरा
