बिहार में 8 सीटों के लिए एमएलसी चुनाव 23 अक्टूबर को संपन्न हो चुका है और मंगलवार (27 अक्टूबर) यानी आज सुबह 8:00 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी. चुनाव आयोग की ओर से मतगणना को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है. सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ख्याल रखा गया है.
मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है. मतगणना केंद्र के 200 मीटर के दायरे पर धारा 144 लगाई गई है. जिन 8 सीटों के लिए चुनाव हुए हैं उसमें चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की है और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें हैं.
150 उम्मीदवारों की किस्मत का आज होगा फैसला
स्नातक में पटना, दरभंगा, कोसी और तिरहुत क्षेत्र है तो शिक्षक के लिए सारण, तिरहुत, दरभंगा और पटना निर्वाचन क्षेत्र है. कुल 150 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज हो जाएगा. इनमें स्नातक के लिए 90 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है तो शिक्षक के लिए 60 उम्मीदवारों की किस्मत वैलेट बॉक्स में बंद है जो आज खुलेगी.
यहां होगी वोटों की गिनती
पटना के लिए गोलघर के पास बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल साइंस ब्लॉक में शिक्षक निर्वाचन की मतगणना होगी. स्नातक के लिए मुख्य बिल्डिंग में मतगणना की जाएगी. सारण शिक्षक निर्वाचन के लिए छपरा के SVN राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में काउंटिंग की जाएगी.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की पत्नी पर अब सरकार का एक्शन, बंगला खाली करने का नोटिस
वहीं पूर्णिया स्नातक निर्वाचन के लिए बिहार एग्जामिनेशन बोर्ड के रीजनल ऑफिस में मतगणना होगी. दरभंगा शिक्षक के लिए दरभंगा के खेल एवं व्यायामशाला भवन के फर्स्ट फ्लोर पर काउंटिंग होगी. वहीं स्नातक निर्वाचन के लिए और सेकंड फ्लोर पर मतगणना होगी.
तिरहुत की सीटों के लिए यहां होगी काउंटिंग
तिरहुत स्नातक और शिक्षक के लिए MIT मुजफ्फरपुर के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक में मतगणना की जाएगी. केवल पटना के शिक्षक निर्वाचन के लिए 7 टेबल पर गिनती होगी. जबकि स्नातक के लिए 14 टेबल पर गिनती होगी.
यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: मतगणना से पहले RJD को गड़बड़ी की आशंका, EC से बड़ी मांग
