आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की ओर से केरलम में बिहार को गरीब राज्य बताए जाने के बाद उनकी काफी किरकिरी हो रही है. एनडीए के तमाम नेता उन पर हमलावर हैं. इस बीच तेजस्वी यादव को एआईएमआईएम के नेता का समर्थन मिला है.

'यह कोई आपत्ति की बात नहीं'

गुरुवार (02 अप्रैल, 2026) को एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के बयान पर कहा, "...वे भी उपमुख्यमंत्री रहे हैं, जो समय उनको मिला, उनके पिताजी को मिला... उनको भी समझना चाहिए... मैं समझता हूं कि यह कोई आपत्ति की बात नहीं है, बिहार गरीब है यह सत्य है."

अख्तरुल ईमान ने कहा कि गरीब होने का सर्टिफिकेट किसी और ने नहीं बल्कि बिहार के तमाम राजनीतिक दलों ने सदन में प्रस्ताव पारित किया है कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिया जाए. यह तो सर्वविदित है कि बिहार गरीब है.

यह भी पढ़ें- बिहार में एक होने जा रहे चाचा-भतीजा? पशुपति पारस बोले- चिराग पासवान बनें मुख्यमंत्री

तेजस्वी यादव ने केरलम में क्या कहा है?

तेजस्वी यादव ने बिहार को लेकर यह कहा है कि, "मैं बिहार से आता हूं, जो भारत के सबसे गरीब राज्यों में शामिल है. मैं केरलम आया हूं, जिसका उदाहरण हम बिहार में देते हैं. बिहार को केरल की तरह होना चाहिए. हमें केरलम के लोगों पर और इस राज्य पर बहुत गर्व है."

तेजस्वी यादव के इसी बयान पर लगातार बिहार में सियासत हो रही है. बीजेपी, जेडीयू और अन्य दल के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि तेजस्वी यादव द्वारा बिहार को लेकर दिए जा रहे बयान और राहुल गांधी का विदेश में जाकर भारत के खिलाफ टिप्पणी करना, दोनों ही एक जैसे नकारात्मक और गैर-जिम्मेदाराना राजनीतिक सोच का परिणाम है.

यह भी पढ़ें- पूर्व DGP गुप्तेश्वर पांडेय ने बिहार में अपहरण के इतिहास की खोली 'फाइल', CM नीतीश का भी लिया नाम