पटना: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज राघोपुर विधानसभा सीट लिए नामांकन करेंगे. नामांकन के लिए मां राबड़ी देवी का आशीर्वाद लेकर वो अपने आवास से निकल चुके हैं. लेकिन अपने नामांकन से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ी घोषणा कर दी है. उन्होंने कहा कि आज मैं अपने नॉमिनेशन के दिन एलान करता हूं कि बिहार के नियोजित शिक्षकों की जो मांग रही है समान काम समान वेतन की, हमारी सरकार बनते ही हम उसे पूरा करेंगे.
नीतीश कुमार को दिया यह चैलेंज
वहीं, इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी चैलेंज कर दिया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में हिम्मत है तो वो अपने गृह जिला नालन्दा से नामांकन करें और मैं भी वहीं से करूंगा नामांकन करूंगा, और मैं उनको चुनाव हरा के दिखाऊंगा.
10 लाख नौकरी देने की घोषणा की थी
बता दें कि इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार में आते ही पहली कैबिनेट की पहली कलम से 10 लाख बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की थी. हालांकि उनके इस घोषणा के बाद खूब बवाल हुआ था. आज तक सत्ता पक्ष के नेता तेजस्वी को उनके इस घोषणा को लेकर घेरते हैं और उनके इस एलान को हास्यास्पद बताते हैं.