Patna Crime News: बिहार में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है. एक बार फिर शनिवार (22 मार्च) को पटना बाईपास में अपराधियों ने अस्पताल में घुसकर हॉस्पिटल की संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी है. हॉस्पिटल में लेडी डॉक्टर को गोलियों से छलनी किया गया है. बैक टू बैक सात गोली मारी गई है. सूचना के बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुंची है और मामले की जांच में जुटी है. सीसीटीवी खंगाला जा रहा है.
एशिया हॉस्पिटल की संचालिका को मारी गोली
जानकारी के मुताबिक अपराधियों ने पटनासिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र के धनुकी के पास स्थित एशिया हॉस्पिटल की संचालिका सुरभि की गोली मार हत्या कर दी है. अपराधियों की गोली से छलनी हुई संचालिका सुरभि की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और छानबीन में जुट गई. पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखा बरामद किया है. बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
हत्या मामले में पुलिस का क्या है कहना?
एसडीपीओ पटना सिटी 1 अतुलेश झा ने बताया कि दोपहर साढ़े तीन बजे अगमकुआं थाने को सूचना मिली कि एशिया अस्पताल की डायरेक्टर सुरभि राज को गोली मार दी गई है. पुलिस टीम जब वहां सत्यापन के लिए पहुंची तो पता चला कि जब कुछ कर्मचारी डायरेक्टर के कमरे में गए तो वह बेहोश और खून से लथपथ पड़ी थीं. तब उन्हें उसी अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां उन्हें कई गोली लगने की पुष्टि हुई.
एसडीपीओ ने बताया कि उसके बाद वहां से उन्हें एम्स में रेफर कर दिया गया. उसके बाद शाम को सूचना मिली कि उनकी मौत हो गई है. पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है. हर एंगल से जांच की जा रही है. साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: नीतीश कुमार के खिलाफ पटना की सड़कों पर उतरा महागठबंधन, सीएम का पुतला फूंका, इस्तीफे की मांग
