बिहार के बेगूसराय जिले में मानसिक रूप से दिव्यांग 15 वर्षीय लड़की से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार (25 अक्टूबर) शाम रतनपुर थाना क्षेत्र में एक खाली मकान में हुई. ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था.
सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के मुताबिक, लड़की अपनी मां के साथ बाजार गई थी. हालांकि, वह मां से पहले घर लौट आई थी. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान दोनों आरोपी उसे बहला-फुसलाकर घर से करीब 100 मीटर दूर खेत के पास बने खाली मकान में ले गए.
यह भी पढ़ें- बिहार: MLC चुनाव के नतीजों से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी का मैनेजर लापता
खाली मकान में वारदात
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खाली मकान में लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. घटना के समय मकान खाली था. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, जब लड़की की मां बाजार से लौटीं तो वह घर पर नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने उसकी तलाश शुरू की. अन्य बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर लड़की का पता लगाया गया. ग्रामीण जब खाली मकान में पहुंचे और उसे खोला, तो वहां एक आरोपी मिला. इसके बाद लोगों ने दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. जांच के लिए खाली मकान को सील कर दिया गया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.
यह भी पढ़ें- राघोपुर: पीपा पुल न बनने पर भड़के ग्रामीण, सड़क पर आगजनी, तेजस्वी ने मंत्री को लिखा पत्र
