बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके नीतीश कुमार का नाम लेकर जेडीयू के मोकामा से विधायक अनंत सिंह के एक बयान से सियासी हड़कंप मच गया है. अनंत सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार के साथ रहते हुए 9 लोगों का वे मर्डर करा चुके हैं. 

Continues below advertisement

अनंत सिंह ने शुक्रवार (16 अक्टूबर, 2026) को न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में यह बयान दिया. एक सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, "पार्टी हमारे साथ है कि नहीं है हम भगवान हैं? हम अपनी बात न जानेंगे… न मरने का गम है न जीने की खुशी है… लेकिन पार्टी को मानते हैं कि मेरी पार्टी है. पार्टी को जो मानना है जो माने." 

अनंत सिंह ने आगे कहा, "हमने पार्टी के लिए कुर्बानी दी है... किसी ने उतनी कुर्बानी नहीं दी है. नीतीश कुमार कुछ नहीं थे… एने से ओने होल चलते थे… उस समय हम नीतीश जी के साथ रहकर 9 गो आदमी का मर्डर कराए…"

Continues below advertisement

यह भी पढ़ें- CJI बोले- हमें कोई धमका नहीं सकता, प्रशांत किशोर ने कहा- 'जिस चीफ जस्टिस…'

बता दें कि जेडीयू के विधायक अनंत सिंह और पार्टी के एमएलसी नीरज कुमार के बीच विवाद जारी है. विधान परिषद के चुनाव को लेकर पटना स्नातक सीट चर्चा में है. यहां से जेडीयू के नीरज कुमार कैंडिडेट हैं लेकिन अनंत सिंह ने जन सुराज के अनुज कुमार का समर्थन किया है. जोरशोर से प्रचार कर रहे हैं. दावा किया है कि नीरज की हार होगी.

उधर नीरज कुमार अलग माहौल में हैं. पार्टी ने दोनों नेताओं के बीच सुलह कराने का प्रयास किया लेकिन यह सफल नहीं हो सका. इस बीच अनंत सिंह के इस बयान के आने के बाद राजनीति तेज हो गई है.

आरजेडी ने नीतीश कुमार को घेरा

अनंत सिंह के इस बयान पर आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने हमला बोला है. शक्ति यादव ने कहा, "अनंत सिंह ने सरकार के कहने पर 9 हत्या की… यह बात तो खुल गई है. लोग 20 वर्षों में क्या-क्या लोग करवाते थे इसका कबूलनामा सामने आया है. अनंत सिंह ने डंके की चोट पर कहा है. अपनी गलती को स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारी किसी पर जाती है तो नीतीश कुमार के शासनकाल पर…"

यह भी पढ़ें- एकता कपूर के 'हिंदूफोबिया' वाले बयान पर JDU की दो टूक, 'अगर…'