मुंबई: प्रो कबड्ड़ी लीग (पीकेएल) के सीजन सात में सोमवार को एनएससीआई एसवीपी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में पटना पाइरेट्स ने तमिल थलाइवाज को महज एक अंक के अंतर से हरा दिया. पटना ने यह मैच 24-23 से अपने नाम कर थलाइवाज को मात दी.

थलाइवाज ने कोशिश तो बहुत की लेकिन वह लगातार अंक लेकर जीत के अंतर को ही कम कर पाई. 32वें मिनट तक पटना की टीम 20-16 से आगे थी और जिस तरह से खेल रही थी लग रहा था कि वह थलाइवाज पर अंकों की बढ़त को मजबूत कर लेगी.

तीन बार की विजेता अंक तो लेती रहे लेकिन वह थलाइवाज को अंक लेने से नहीं रोक पाई. थलाइवाज ने अंकों के अंतर को कम कर 39वें मिनट में स्कोर 21-24 कर दिया. उसने मैच की आखिरी रेड मारने आए पटना के प्रदीप नरवाल की रेड को असफल कर बराबरी करने की कोशिश की, लेकिन इस टैकल से उसके हिस्से सिर्फ दो अंक आए और वह एक अंक से हार गई.

मैच शुरू से ही रोमांचक रहा और इसी कारण पहले हाफ का अंत 11-11 के साथ हुआ. पटना की तरफ से जयदीप ने सात अंक लिए जबकि थलाइवाज की तरफ से राहुल चौधरी ने पांच अंक जुटाए.

उन्नाव केस: पीड़ित की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, देखिए- पूरे मामले पर पुलिस ने क्या कहा