लाहौर: क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में बदलाव का सिलसिला शुरू हो गया है. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मुख्य सिलेक्टर इंजमाम उल हक ने अपने पद पर नहीं बने रहने का फैसला किया है. चीफ सिलेक्टर के तौर पर इंजमान उल हक का कार्यकाल अगले महीने पूरा होने जा रहा है और उन्होंने कहा है कि वह अपने कार्यकाल में किसी तरह की बढोतरी नहीं चाहते हैं. इंजमान पिछले तीन साल से चीफ सिलेक्टर के पद पर बने हुए हैं.
इंजमान ने कहा, ''तीन साल मुख्य चयनकर्ता रहने के बाद मैंने तय किया है कि अब मैं आगे इस पद पर नहीं रहूंगा और मैं अपने कार्यकाल में किसी तरह की कोई बढ़ोतरी नहीं चाहता हूं.'' अगले वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा, ''सितंबर से टेस्ट चैंपियनशिप शुरू होने जा रही है, 2020 में ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट वर्ल्ड कप है और 2023 में वनडे वर्ल्ड कप होगा, इसलिए मेरा मानना है कि यह नया चीफ सिलेक्टर चुनने का बिल्कुल सही वक्त है.''
सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाया था पाकिस्तान
इंजमाम ने अपने इस फैसले के बारे में पीसीबी चैयरमैन एहसान मनी को भी जानकारी दे दी है. बता दें कि वर्ल्ड कप शुरुआती मैचों में पाकिस्तान टीम को हार का सामना करना पड़ा था. इतना ही नहीं पहले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली करारी हार की वजह से टीम का नेट रन रेट काफी बिगड़ गया और वह इसी वजह से सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गई.
पाकिस्तान की टीम ने वर्ल्ड कप में 9 मैच जिनमें जिनमें से उसे 5 में जीत मिली, जबकि 3 में हार का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान का एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था. कयास लगाए जा रहे हैं कि वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाने के बाद टीम के कप्तान सरफराज अहमद को लेकर भी कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है. विश्व कप के दौरान सरफराज का प्रदर्शन बेहद औसत रहा और उनकी कप्तानी भी अहम मौकों पर सवालों के घेरे में आई.
