बरेली, एबीपी गंगा। सपा की पूर्व महिला पार्षद को कनपटी पर तमंचे लगी फोटो खिंचवाकर टशन दिखाना महंगा पड़ गया। फोटो वायरल होने के बाद विरोधी खेमे के लोगों ने पुलिस तक मामला पहुंचा दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूर्व महिला पार्षद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पिछले कुछ दिनों से फेसबुक व वाट्सएप पर एक महिला का फोटो वायरल हो रहा था। जिसमें वह दोनों हाथ में तमंचे लेकर अपनी कनपटी पर सटाए थी।

पुलिस ने की कार्रवाई

फोटो व पोस्ट सुर्खियां बनी तो पता चला कि महिला इज्जतनगर के विहारमान नगला निवासी सपा की पूर्व महिला पार्षद उर्मिला देवी है। इसी बीच उनके विरोधी खेमे के लोगों को भी फोटो मिल गई तो पुलिस अधिकारियों से शिकायत हुई। जिसके बाद मंगलवार को एसएसपी मुनिराज ने इज्जतनगर इंस्पेक्टर को कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने बरामद किए तमंचे

दोपहर को पुलिस मौके पर पहुंची। उर्मिला गेट पर ही मिल गईं तो फोटो दिखाते हुए पूछा कि तमंचा कहां से आया। पहले टालमटोल की बाद में स्वीकारा कि तमंचा उन्हीं के पास थे, जोकि घर के अंदर बरामद भी कर लिए गए। उर्मिला ने स्वीकारा कि फोटो कुछ समय पहले खींची थी। टशन दिखाने के लिए उसने दोनों तमंचों को कनपटी पर सटा रखा था। किसी ने उस फोटो को वायरल कर दिया।