EXCLUSIVE: भारतीय सरज़मीं पर इस टीम इंडिया को हरा पाना नामुमकिन: कपिल देव
ABP News Bureau | 08 Oct 2017 12:00 PM (IST)
नई दिल्ली/रांची: वनडे के बाद टी20 सीरीज़ के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया पर 9 विकेट से करारी जीत के बाद टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव ने एबीपी न्यूज़ से खास बातचीत करते हुए कहा कि अब भारत को उसकी सरज़मीं पर हरा पाना नामुमकिन नज़र आता है. बीती रात रांची के मैदान पर बारिश की बाधा के बावजूद भारतीय टीम ने अपने विजय अभियान को जारी रखा है, भारत ने शनिवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) स्टेडियम में बारिश से बाधित पहले टी-20 मैच में आस्ट्रेलिया को नौ विकेटों से हरा दिया. आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 18.4 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 118 रन बना लिए थे, तभी बारिश ने मैच रोक दिया. काफी देर बाद बारिश रुकने के कारण अंपायरों ने भारत को छह ओवरों में 48 रनों का संशोधित लक्ष्य दिया. इस लक्ष्य को भारत ने 5.3 ओवरों में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया. भारत ने रोहित शर्मा (11) के रूप में एक मात्र विकेट खोया. भारत के लिए कप्तान विराट कोहली ने 14 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 22 रन बनाए. शिखर धवन ने 12 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 15 रनों की पारी खेली. इस जीत के बाद कपिल देव ने कहा, 'इस भारतीय टीम को हिन्दुस्तान की सरज़मीं पर हरा पाना बेहद मुश्किल है.' इसके साथ ही कपिल देव ने कहा कि 'अब मैं ये देखने के लिए उत्सुक हूं कि जिस तरह से भारतीय टीम ने स्वदेश में शानदार प्रदर्शन किया, अब वैसा ही कारनामा विराट की सेना ओवरसीज़ दौरों पर भी कर के दिखाए. टीम इंडिया विदेशों में भी अपना ऐसा ही दबदबा दिखाए.' इसके साथ ही पूर्व कप्तान ने भारतीय खिलाड़ियों की भी जमकर तारीफ करते हुए कहा, 'टीम इंडिया के पास मौजूदा समय में जिस तरह के खिलाड़ी हैं, मुझे लगता है कि भारतीय टीम इन खिलाड़ियों के साथ विदेश में भी शानदार प्रदर्शन कर सकती है. अब भारतीय टीम विदेश में भी अपना दबदबा कायम करने के लिए तैयार है.' इसके साथ ही कपिल भारतीय टीम की गेंदबाज़ी से भी बहुत अधिक प्रभावित दिखे. उन्होंने कहा, 'मैंने इससे पहले इतना प्रभावित करने वाला गेंदबाज़ी अटैक नहीं देखा.' देश के इस वर्ल्ड कप विनिंग कैप्टन ने बीती रात टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे कुलदीप यादव की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, 'कुलदीप के पास जिस तरह का ऐक्शन है, उसके साथ उसकी रॉन्ग वन्स को पिक कर पाना बल्लेबाज़ के लिए बहुत मुश्किल हो जाता है. इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को उन्हें खेलने में मुश्किल हो रही है.