जसप्रीत बुमराह...ये नाम अब टेस्ट क्रिकेट में भी हर कोई याद रखेगा. टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच जारी दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन विकेटों की हैट-ट्रिक लेकर इतिहास रच दिया. वो भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में हैट-ट्रिक लेने वाले तीसरे गेंदबाज़ भी बन गए हैं. उनके इस बेमिसाल प्रदर्शन की मदद से भारतीय टीम ने इस टेस्ट में मजबूत पकड़ बना ली है. किंग्सटन में खेले जा रहे भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए हनुमा विहारी के शतक की मदद से विशाल 416 रन बनाए. इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज़ की टीम 87 रन के स्कोर पर 7 विकेट गंवा चुकी है. भारत की पारी: इस मुकाबले में भारतीय टीम ने दूसरे दिन की शुरुआत 264 के स्कोर पर 5 विकेट से की. लेकिन दिन की शुरुआत में ही रिषभ पंत बोल्ड होकर लौट गए. उनके आउट होने के बाद रविन्द्र जडेजा ने हनुमा विहारी के साथ मिलकर टीम के स्कोर को 300 रनों के पार पहुंचाया. लेकिन इसके बाद जडेजा भी 16 रन बनाकर कॉर्नवेल की गेंद पर अपना विकेट थमा बैठे. लेकिन 302 के स्कोर पर जडेजा के विकेट के बाद हनुमा विहारी ने इशांत शर्मा के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 112 रनों की साझेदारी की और अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया. इसके साथ ही भारतीय टीम 400 रनों के पार पहुंच गई. इसके बाद भारतीय टीम 416 रनों के स्कोर पर ऑल-आउट हो गई. बुमराह का तूफान: दूसरे दिन के खेल में असली तूफान आया तब जब भारतीय गेंदबाज़ों ने मोर्चा संभाला. पारी के सातवें ओवर में ही जसप्रीत बुमराह ने कैम्पबेल को कैच आउट करवाकर इसकी शुरुआत कर दी. लेकिन असली तूफान की शुरुआत हुई जब बुमराह पारी का नौवां ओवर लेकर आए. उन्होंने इस ओवर में वो इतिहास रच दिया जो भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब सिर्फ तीन बार हुआ है. उन्होंने इस ओवर में लगातार तीन गेंदों पर ब्रावो(4), ब्रूक्स(0) और फिर चेज़(0) को आउट कर अपने टेस्ट करियर की पहली हैट-ट्रिक झटक ली. लेकिन इतने पर भी बुमराह का तूफान नहीं था, इसके बाद उन्होंने ब्रैथवेट को आउट कर पारी में अपने 5 विकेट भी पूरे किए. 22 के स्कोर पर विंडीज़ टीम के 5 बल्लेबाज़ पवेलियन लौट चुके थे. इसके बाद हेटमायर ने कप्तान होल्डर के साथ मिलकर टीम को एक साझेदारी देने की कोशिश की. दोनों टीम के स्कोर को 50 के पार पहुंचाया. लेकिन 67 के स्कोर पर शमी ने भी मौके का फायदा उठाया और हेटमायर(34) को बोल्ड कर दिया. इसके बाद दिन का खेल खत्म होने से पहले उन्होंने कप्तान जेसन होल्डर(18) को भी कैच आउट करवाकर भारत के लिए दिन का शानदार बना दिया. बुमराह ने अपने 9.1 ओवर के स्पेल में 16 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए. वहीं एक विकेट शमी को मिला.