नई दिल्ली/बेंगलुरू: ज़िम्बाब्वे में वनडे और टी20 में आसानी से जीत हासिल करने के बाद अब भारतीय टीम अपने नए कोच अनिल कुंबले के साथ इस महीने वेस्टइंडीज़ दौरे पर जाने की तैयारी में लगी हुई है. जिसके लिए भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी कोच और कप्तान के साथ बेंगुलरू की नेशनल क्रिकेट अकेडमी में प्रेक्टिस करने के लिए जुटे हुए हैं.
कल भारतीय टीम के बल्लेबाज़ मुरली विजय, शिखर धवन समेत कप्तान विराट कोहली ने ट्रेनिंग की थी. आज कैंप के दूसरे दिन खुद भारतीय क्रिकेट टीम के सोशल मीडिया पेज पर एक वीडियो साझा किया गया है जिसमें कप्तान विराट कोहली बल्लेबाज़ी की प्रेक्टिस करते नज़र आ रहे हैं वहीं कोच अनिल कुंबले उन पर नज़र बनाए हुए हैं.
इस वीडियो में कप्तान कोहली डिफेंस की प्रेक्टिस करते नज़र आ रहे हैं, जबकि कोच कुंबले उनके खेल के हर पहलू पर नज़र बनाए हुए हैं.
कुंबले की तरह ही विराट कोहली ने भी इस कैंप में अपनी टीम के बल्लेबाज़ों को अगले दौरे के लिए अपना जीत का मंत्र दे दिया है. भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने फेसबुक पेज पर कप्तान कोहली के साथ टीम इंडिया के बल्लेबाज़ों की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'ट्रेनिंग सेशन से पहले बल्लेबाज़ों से बात करते कप्तान विराट.' इस पोस्ट को खुद कप्तान कोहली ने अपने पेज पर शेयर किया.
इस तस्वीर में कप्तान कोहली के साथ ओपनर रोहित शर्मा, अजिंक्ये रहाणे, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, शिखर धवन और रिद्धीमन साहा भी नज़र आ रहे हैं. इन खिलाड़ियों के साथ टीम के बल्लेबाज़ी कोच संजय बांगर भी इस तस्वीर में हैं. जिसे देखकर ये साफ लग रहा है कि ट्रेनिंग किसी खास रणनीति पर चर्चा की गई.
बल्लेबाज़ों को दिए इस कप्तान मंत्र के बाद सबसे पहले खुद कप्तान कोहली बल्लेबाज़ी की प्रेक्टिस करने आए. उनके साथ चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्ये रहाणे ने भी बल्ले से अपने हाथ साफ किए और कोहली के दिए मंत्र पर प्रेक्टिस में काम भी किया.
