नई दिल्ली: 57 उम्मीदवारों की दौड़ से निकल अनिल कुंबले के टीम इंडिया का नया कोच बनने के बाद अब एक नए पद को लेकर खींचतान शुरू हो गई है. जी हां कुंबले के कोच बनने से आईसीसी पैनल में क्रिकेट समिति के चेयरमैन का पद खाली हो गया है और अब उस पर किसी नए व्यक्ति के शामिल होने की खबरें हैं. हालांकि आईसीसी की तरफ से अभी इस पद के लिए कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन ऐसी उम्मीदें जताई जा रही है कि यह पद भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को जा सकता है. 

एडिनबर्ग में चल रही आईसीसी की ऐनुअल कॉन्फ़्रेंस में ऐसी चर्चाओं की भी खबरें हैं कि गांगुली को ये बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. 

एक अंग्रेज़ी अख़बार में छपी खबर के अनुसार हाल ही में धर्मशाला में हुई बीसीसीआई की मीटिंग में भी कुंबले के भारत का कोच बनने के बाद उस बड़े पद के लिए गांगुली को सबसे उपयुक्त माना जा रहा था क्योंकि पहले भी गांगुली ने इस पद में अपनी रूचि भी जताई थी. 

अगर सौरव गांगुली आईसीसी पैनल में क्रिकेट समिति के चेयरमैन बन जाते हैं तो देश में उनका रूतबा और भी अधिक बड़ जाएगा. 

अनिल कुंबले के कोट बनने के बाद रवि शास्त्री के बयानों पर सौरव गांगुली ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी. जिससे ये विवाद सीधे तौर पर शास्त्री और गांगुली के बीच आ गया था.